सेंट्रल जेल में फिर भिड़े कैदी, इस कारण हुआ झगड़ा, रहाटेनगर टोली में पुलिस का कोंबिंग ऑपरेशन

Nagpur News: नागपुर के सेंट्रल जेल में दो कैदियों के बीच जमकर हाथापाई की खबर सामने आई है। सेंट्रल जेल में 2 कैदियों के बीच हुए विवाद में एक बुरी तरह जख्मी हुआ था।
Nagpur News: नागपुर के सेंट्रल जेल में दो कैदियों के बीच जमकर हाथापाई की खबर सामने आई है। सेंट्रल जेल में 2 कैदियों के बीच हुए विवाद में एक बुरी तरह जख्मी हुआ था।
नागपुर सेंट्रल जेल (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Central Jail: कुछ दिन पहले नागपुर सेंट्रल जेल में 2 कैदियों के बीच हुए विवाद में एक बुरी तरह जख्मी हुआ था। दोबारा इसी तरह की वारदात सामने आई है। जख्मी कैदी ताजबाग निवासी तौसीफ इब्राहिम शेख बताया गया। धंतोली पुलिस ने जेल रक्षक अमोल इखारकर की शिकायत पर आरोपी कैदी का नाम कसबापेठ, पुणे निवासी प्रवीण श्रीनिवास महाजन (37) बताया। दोनों ही न्यायप्रविष्ट कैदी हैं।

मंगलवार की सुबह 9.30 बजे बड़ी गोल में कैद यशपाल नानकचंद चौहान नामक कैदी बैरक के सामने नल से पानी भर रहा था। तभी तौसीफ वहां आया। उसने रौब दिखाने के लिए यशपाल की बाल्टी हटाकर अपनी बकेट लगा दी। इस वजह से दोनों के बीच विवाद हो गया। गाली-गलौज हो ही रही थी कि प्रवीण वहां पहुंच गया। उसने यशपाल का पक्ष लेते हुए तौसीफ को समझाने का प्रयास किया। दोनों में विवाद हो गया।

प्रवीण ने तौसीफ की जमकर कुटाई की। हल्ला होते देख जेल रक्षक बीच-बचाव करने दौड़े। तौसीफ को जेल अस्पताल में भर्ती किया गया और धंतोली पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने प्रवीण के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। प्रवीण पुणे का चर्चित अपराधी है। वर्ष 2021 में उसने पुणे के बुधवारपेठ में एक पुलिसकर्मी की चाकू से हमला कर हत्या की थी। उस समय प्रवीण तड़ीपार था। गिरफ्तारी के बाद से वह नागपुर जेल में है।

रहाटेनगर टोली में पुलिस का कोंबिंग ऑपरेशन

रहाटेनगर टोली में चल रहीं अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए मंगलवार की रात अजनी पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कोंबिंग ऑपरेशन किया। इस दौरान शराब विक्रेताओं को पकड़ा गया और नामजद आरोपियों की जांच की गई। रात 8 बजे के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम अजनी पुलिस थाने पहुंची। 20 अधिकारी और 50 कर्मचारियों ने एक साथ रहाटेनगर टोली को घेरकर जांच शुरू की।

सर्च के दौरान पुलिस ने 2 अवैध शराब विक्रेताओं को पकड़ा जो अपने घर से महुआ और देसी शराब बेच रहे थे। इसके अलावा एक अपराधी पर प्रतिबंधक कार्रवाई की गई। 5 घंटे चले सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने अवैध शराब बेचने, सेंधमारी, वाहन चोरी, तड़ीपार और एमपीडीए के मामले में जेल से बाहर आए 27 अपराधियों के घर पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली। पुलिस के अचानक परिसर में सक्रिय होने से असामाजिक तत्वों में खलबली मच गई। कुछ घर के भीतर ही दुबक कर बैठ गए और कुछ परिसर से निकल गए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com