Byramji Town: नागपुर को मिलेगी नई पहचान! बैरामजी टाउन को मिली 2.99 करोड़ की सौगात, जानें क्या होगा खास

Nagpur NMC Garden Projects: नागपुर के बैरामजी टाउन में ₹2.99 करोड़ की लागत से बनेगा भव्य उद्यान। ढाई एकड़ में बच्चों के खेल कूद, ग्रीन जिम और आधुनिक सुविधाओं का होगा समावेश।
NMC to develop a multi-facility garden in Byramji Town, Nagpur with ₹2.99 crore. Spread over 2.5 acres, it includes a Green Gym, children's play area, and more.
बैरामजी टाउन प्रोजेक्ट (सौजन्य-नवभारत)
Updated on

Byramji Town Nagpur News: 'स्मार्ट सिटी' और 'हरित शहर' के रूप में विख्यात उपराजधानी नागपुर को अब 'उद्यानों के शहर' के रूप में भी नई पहचान मिलने वाली है। शहर के 205 उद्यानों की शृंखला में अब एक और नाम जुड़ने जा रहा है।

मनपा प्रशासन ने नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए बैरामजी टाउन के चिटणीसनगर लेआउट में लगभग ढाई एकड़ क्षेत्र में एक सुसज्जित उद्यान विकसित करने का निर्णय लिया है। इस भव्य योजना पर मनपा प्रशासन 2.99 करोड़ रुपये खर्च करेगा।

वर्षों से खाली पड़ी जगह का होगा कायाकल्प

पश्चिम नागपुर के इस क्षेत्र में कई वर्षों से ढाई एकड़ की यह जगह खाली पड़ी थी। हालांकि इसके कुछ हिस्सों में सुरक्षा दीवार थी, लेकिन उचित देखरेख और विकास के अभाव में नागरिक यहां टहलने या व्यायाम करने जैसी सुविधाओं से वंचित थे। स्थानीय नागरिकों द्वारा यहां उद्यान बनाने की लगातार मांग और सरकारी स्तर पर किए गए फॉलोअप के बाद मनपा ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। उद्यान के विकास का कार्य ठेकेदार राशि बावनकुले को सौंपा गया है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा उद्यान

  • स्थापत्य कार्य : शौचालय (8.40 लाख), सुरक्षा रक्षक कक्ष (3.51 लाख), ड्रेनेज लाइन (6.11 लाख), पाथ-वे (8.25 लाख) और एक खुला कुआं (6.21 लाख)
  • हरियाली और सौंदर्य : लॉन (1.61 लाख), पौधारोपण (5.94 लाख) और सजावटी पौधे (8.89 लाख)
  • खेल और व्यायाम : बच्चों के लिए खेल सामग्री (3.74 लाख), ग्रीन जिम (7.18 लाख) और बहुउद्देशीय खेल सुविधाएं (7.69 लाख)
  • अन्य सुविधाएं : जानवरों की डिजाइन वाले डस्टबिन (50 हजार) और बैठने के लिए सीआई कुर्सियां (1.66 लाख)

मनपा और प्रन्यास के बीच उद्यानों का हस्तांतरण

शहर में उद्यानों के प्रबंधन को लेकर मनपा और प्रन्यास के बीच लंबे समय से खींचतान चलती रही है। हाल ही में प्रन्यास द्वारा 75 उद्यान मनपा को हस्तांतरित किए गए थे। इनमें से कुछ विकसित हैं, जबकि कुछ की हालत बेहद खराब है। अब इन सभी उद्यानों के रखरखाव और विकास की जिम्मेदारी मनपा की होगी।

सूत्रों के अनुसार शहर के कई लेआउट्स में उद्यानों के लिए आरक्षित जगहों का विकास न होने के कारण नागरिकों में रोष है। इसके अलावा दयानंद पार्क (जरीपटका), दत्तात्रय उद्यान और लता मंगेशकर उद्यान जैसे उद्यानों के निजीकरण और वहां लगाए गए शुल्कों व समय की पाबंदियों को लेकर भी जनता में नाराजगी देखी गई। बैरामजी टाउन के इस नए प्रोजेक्ट से स्थानीय निवासियों को काफी उम्मीदें हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com