आरटीओ से रविनगर सर्विस रोड (सौजन्य-नवभारत)
Nagpur News: नागपुर का आरटीओ फ्लाईओवर शुरू होने के बाद भी कम दूरी तय करने वाले लोगों को राहत नहीं मिली थी क्योंकि बोले पेट्रोल पंप से रविनगर चौक तक सर्विस रोड का काम चालू था। गुरुवार को हजारों लोगों ने राहत की सांस ली। पीडब्ल्यूडी विभाग ने गुरुवार को शाम सर्विस रोड को पब्लिक के लिए खोल दिया। इसके साथ ही ऊपर और नीचे से यातायात शुरू हो गया है और लोगों की परेशानी कम हो गई है।
पीडब्ल्यूडी ने एड़ी-चोटी का जोर लगाया है और इस कार्य को पूर्ण किया है। विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव जगताप ने कहा कि फ्लाईओवर खुलने के बाद भी ऐसा लग रहा था कि एक माह का समय लगेगा लेकिन मैनपावर को डबल कर कार्य को समय से पहले पूर्ण कर लिया गया है।
छिटपुट काम बचा है जिसे अब पूरा कर लिया जाएगा। छिटपुट कार्य से यातायात को कोई परेशानी नहीं होगी। शाम को मार्ग के खुलने से लोगों को काफी आराम हुआ है। नाले का काम बचा हुआ था जिसे प्राथमिकता के साथ विभाग ने पूर्ण किया है।
इस बीच रविनगर से बोले पेट्रोल पंप की ओर आने वाले सर्विस रोड में पेड़ बीच में आ गया है। मनपा को बार-बार आग्रह किया गया है कि पेड़ को शिफ्ट किया जाए। पेड़ के शिफ्ट नहीं होने से बड़े वाहन अटक रहे हैं जिसके कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। दुर्घटनाओं की संभावनाएं भी बनी रहती हैं।
यह भी पढ़ें – वडेट्टीवार ने किसानों को दान की सैलरी…तो रवींद्र चव्हाण भी आए आगे, बोले- भाजपा अन्नदाताओं के साथ
इस पेड़ को शिफ्ट करने के बाद सर्विस रोड का आवागमन सुगम होगा। मनपा ने सुनवाई के लिए वक्त मांगा है। इसी प्रकार पेड़ के पीछे 100 मीटर नाला भी है। इन नाले के अधिग्रहण के लिए भी प्रयास किया जा रहा है, ताकि सर्विस रोड का एप्रोच सही हो और वाहनों के आने-जाने में ‘दुर्घटनाओं’ की संभावनाओं को कम किया जा सके।