भाजपा समर्थक का अपहरण कर मारपीट, हरीश ग्वालबंशी सहित 6 पर मामला दर्ज
Kalmeshwar Election Clash: कलमेश्वर नगर परिषद चुनाव के दौरान भाजपा समर्थक के अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज किया। पूर्व पार्षद हरीश ग्वालबंशी सहित 6 आरोपियों पर केस, 3 गिरफ्तार और तलाश जारी।
- Written By: आंचल लोखंडे
भाजपा समर्थक का अपहरण कर मारपीट (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Nagpur Crime News: कलमेश्वर नगर परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का समर्थन और प्रचार कर रहे एक व्यक्ति का विरोधी गुट के लोगों ने कथित रूप से अपहरण कर लिया। उसे निर्जन स्थान पर ले जाकर भाजपा का प्रचार न करने की चेतावनी देते हुए मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने शहर के पूर्व पार्षद हरीश ग्वालबंशी सहित छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आरोपियों में हरीश ग्वालबंशी, उनका भतीजा आशुतोष शैलेष ग्वालबंशी, राजू सोनारे उर्फ राजू काल्या, आशीष गिरी, रोशन बबन यादव और अनिकेत अनिल उइके शामिल हैं। कलमेश्वर पुलिस ने मातापुरा, कलमेश्वर निवासी आरिफ लतीफ शेख की शिकायत पर मामला दर्ज किया। पुलिस ने रोशन, आशुतोष और अनिकेत को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हरीश और राजू सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
चुनावी रंजिश बना वजह
आगामी 2 दिसंबर को नगर परिषद का चुनाव होना है। आरिफ भाजपा के उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे थे, जबकि हरीश ग्वालबंशी से संबंधित उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में है। इसी वजह से हरीश ने आरिफ को फोन कर भाजपा का समर्थन न करने की चेतावनी दी थी। हरीश ने उन्हें मकरधोकड़ा बुलाकर मिलने के लिए भी कहा, लेकिन आरिफ ने मना कर दिया।
सम्बंधित ख़बरें
चंद्रपुर: स्थानीय निकायों में 50% से अधिक आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट में अंतिम सुनवाई, कई नगरपालिकाओं पर संकट
15 साल में बंगाल का सत्यानाश…मंत्री दिलीप घोष का फूटा गुस्सा, बोले- नेता-मंत्री-अधिकारी सभी धोखेबाज- VIDEO
ममता बनर्जी ने कुरान के सिद्धांतों का किया अपमान, भड़कीं भाजपा नेता ने दर्ज कराई शिकायत, रेड रोड का किया जिक्र
नासिक विधान परिषद सीट पर भाजपा में बढ़ी खींचतान, गिरीश महाजन के करीबी नेताओं में टिकट की जंग
बार के पास से कार में बैठाकर ले गए
रविवार रात करीब 11 बजे आरिफ कलमेश्वर के विसावा बार एंड रेस्टोरेंट के पास खड़े थे। तभी बार से निकले चार लोगों ने बात करने के बहाने उन्हें एक चार पहिया वाहन में बैठाया। एक और वाहन भी साथ चल रहा था। आरोपियों ने आरिफ को जबरन आउटर रिंग रोड पर ले जाकर हरीश, राजू और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर मारपीट की। भाजपा का समर्थन जारी रखने पर जान से मारने की धमकी दी गई।करीब तीन घंटे तक बुरी तरह पीटने के बाद आरोपियों ने आरिफ को वहीं छोड़ दिया। आरिफ का उपचार जारी है।
ये भी पढ़े: यह आखिरी BMC चुनाव हो सकता है…राज ठाकरे ने क्यों कहा ऐसा, MNS चीफ ने कार्यकर्ताओं को दी चेतावनी
अदालत ने तीन दिन की पुलिस हिरासत दी
कलमेश्वर के थानेदार मनोज कालबांडे ने आरिफ का बयान दर्ज करने के बाद छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। गिरफ्तार तीन आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजने के आदेश दिए। गौरतलब है कि हरीश ग्वालबंशी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वर्ष 2017 में फिरौती वसूली के मामले में सिटी पुलिस की एसआईटी ने भी उन्हें गिरफ्तार किया था।
