नागपुर में शराब भट्टी पर विवाद के बाद हुआ खुनी संग्राम, युवक को पत्थरों से मारकर उतारा मौत के घाट

Nagpur Crime News: नागपुर के अजनी में देसी शराब भट्टी पर विवाद में पत्थर मारकर राजेश बंसोड़ की हत्या कर दी गई। बिरजी कावेटिया सहित दो संदिग्ध हिरासत में, दो फरार। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
Yavatmal Murder Case
Avadhutwadi Police: यवतमाल के घाटंजी मार्ग (सोर्सः सोशल मीडिया) प्रतीकात्मक तस्वीर
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Murder News: नागपुर के अजनी थानांतर्गत विश्वकर्मानगर की शराब भट्टी में शराबियों के बीच हुए विवाद में कुछ लोगों ने पत्थरों से वार कर एक व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने 2 संदिग्धों को हिरासत में लिया, जबकि अन्य की तलाश जारी थी। मृतक विश्वकर्मानगर, गली नंबर 1 निवासी राजेश बंसोड़ (37) बताया गया।

पुलिस ने बिरजी बालाजी कावेटिया और एक अन्य को हिरासत में लिया है। वारदात में और भी लोगों की भूमिका सामने आ रही है। शनिवार की रात राजेश विश्वकर्मानगर के राजकमल चौक के समीप स्थित देसी शराब भट्टी में दारू पीने गया था।

कैसे शुरू हुआ विवाद?

रात 9.30 बजे के दौरान भट्टी में ही शराब पी रहे बिरजी और उसके साथियों के साथ राजेश का विवाद हो गया। सभी नशे में धुत थे। दुकान के भीतर शराब पीने के बाद सभी बाहर निकल गए। दोबारा उनके बीच विवाद शुरू हो गया। काफी देर तक हाथापाई हुई।

इसी बीच बिरजी और उसके साथियों ने रास्ते से पत्थर उठाकर राजेश को मारना शुरू कर दिया। सिर पर पत्थर लगने से नशे में धुत राजेश वहीं गिर गया। इसके बाद भी आरोपी पत्थरों से उस पर वार करते रहे। स्थानीय नागरिकों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

इससे पहले कि पुलिस मौके पर पहुंचती राजेश दम तोड़ चुका था। पुलिस ने तत्काल बिरजी सहित 2 लोगों को हिरासत में ले लिया। अन्य 2 की तलाश जारी थी। अजनी के थानेदार नितिन राजकुमार ने कहा कि प्राथमिक जांच में शराब पीते समय विवाद होने का पता चला। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद असली वजह पता चलेगी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Navbharat Live
navbharatlive.com