रो-रो मुंबई नौका, नितेश राणे (pic credit; social media)
Maharashtra News: मुंबई वासियों और कोंकण यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात तैयार है। 1 सितंबर से मुंबई से रत्नागिरी तक की यात्रा समुद्री मार्ग से बेहद आसान और तेज होने जा रही है। महाराष्ट्र सरकार दक्षिण एशिया की सबसे तेज रो-रो (Roll-on Roll-off) सेवा की शुरुआत करने जा रही है। इस सेवा के शुरू होने के बाद मुंबई से रत्नागिरी तक का सफर सिर्फ पांच घंटे में पूरा हो जाएगा।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पहल पर शुरू की जा रही इस सेवा से न केवल मुंबई और कोंकण वासियों को फायदा होगा, बल्कि पर्यटकों के लिए यह यात्रा रोमांचक समुद्री अनुभव भी होगी। फिलहाल मौसम की वजह से मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी गई है, लेकिन 1 सितंबर से मौसम सामान्य होते ही यात्रियों के लिए यह सेवा शुरू कर दी जाएगी।
रो-रो नौका ‘एम2एम’ 25 नॉट की रफ्तार से चलेगी। इसमें इकोनॉमी क्लास में 552, प्रीमियम इकोनॉमी में 44, बिजनेस क्लास में 48 और फर्स्ट क्लास में 12 यात्रियों के बैठने की सुविधा होगी। इसके अलावा यह नौका दोपहिया, चारपहिया और मिनी बस जैसे वाहनों को भी ले जा सकेगी।
भाऊचा धक्का से जयगढ़ तक का सफर महज तीन घंटे और विजयदुर्ग तक पांच घंटे में पूरा होगा। यहां से आगे की यात्रा के लिए बसों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस सेवा से रेल और सड़क मार्ग पर पड़ने वाला दबाव भी कम होगा।
किराए की बात करें तो इकोनॉमी क्लास का किराया 2,500 रुपये, प्रीमियम इकोनॉमी का 3,000 रुपये, बिजनेस क्लास का 7,500 रुपये और प्रथम श्रेणी का 9,000 रुपये होगा। वहीं, चार पहिया वाहनों के लिए 6,000 रुपये, दोपहिया वाहनों के लिए 1,000 रुपये और साइकिल के लिए 600 रुपये का शुल्क तय किया गया है। मिनी बस का किराया 13,000 रुपये तक होगा।
सरकार का कहना है कि इस सेवा से कोंकण क्षेत्र के पर्यटन और मत्स्य पालन को भी नई गति मिलेगी। साथ ही, श्रीवर्धन, मांडवा और अलीबाग जैसे स्थानों पर भी जेटी का विकास तेजी से किया जा रहा है। दिवाली से पहले अलीबाग जेटी भी तैयार कर दी जाएगी।
अब कोंकण जाने वालों को लंबी सड़क और रेल यात्राओं की थकान से राहत मिलेगी और समुद्र की लहरों पर सवार होकर यात्रा का नया अनुभव मिलेगा।