कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल (pic credit; social media)
Maharashtra News: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि देश की जनता अब वोट चोरी जैसे कृत्यों को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आशंका जताई कि मौजूदा हालात देखते हुए देश में मध्यावधि चुनाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इस स्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारी करनी होगी।
बुधवार को नागपुर जिले के कामठी से ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ आंदोलन की शुरुआत करते हुए सपकाल ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने सबसे पहले कामठी से ही वोट चोरी का मुद्दा उठाया था। इसलिए आंदोलन की शुरुआत यहीं से की गई है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र फुले, शाहू और आंबेडकर की धरती है और यहां के लोग लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।
राहुल गांधी के हवाले से सपकाल ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव में कामठी से कांग्रेस को 1 लाख 36 हजार वोट मिले, जबकि भाजपा को 1 लाख 19 हजार वोट हासिल हुए। इसके बाद हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को लगभग उतने ही यानी 1 लाख 34 हजार वोट मिले, लेकिन भाजपा को 1 लाख 75 हजार वोट मिल गए। यानी भाजपा के वोटों में अचानक 56 हजार की बढ़ोतरी हुई।
राहुल गांधी ने यह भी दावा किया था कि कामठी क्षेत्र में 35 हजार नए मतदाता बढ़े, लेकिन उसके मुकाबले भाजपा को मिले अतिरिक्त वोट संदेह पैदा करते हैं।
सपकाल ने भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि एक मोबाइल नंबर पर 500 वोटरों के नाम दर्ज किए गए और एक झोपड़ी में 200 वोटरों के नाम जोड़े गए। उन्होंने कहा कि इस तरह की गड़बड़ियों के कारण भाजपा ने विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जनता अब पूरी तरह से बदलाव के मूड में है। भाजपा चाहे जितने आरोपों से बचने की कोशिश करे, लेकिन मध्यावधि चुनाव में देश की जनता करारा जवाब देगी।