
बीएमसी महापौर (सौ. डिजाइन फोटो )
BMC Mayor News: मुंबई नगर निगम चुनाव के नतीजे घोषित हुए 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक मेयर के नाम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
हालांकि, राज्य में हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों को देखते हुए माना जा रहा है कि मेयर चयन की प्रक्रिया अब निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ रही है और जल्द ही नाम की घोषणा हो सकती है।
BMC में मेयर चयन की प्रक्रिया को लेकर गतिविधियां तेज होती दिख रही हैं। मुख्यमंत्री के दावोस दौरे से लौटने के बाद मुंबई में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। इस पूरे घटनाक्रम में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी, दोनों ही सक्रिय भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में आज मुंबई के कोंकन भवन में ग्रुप रजिस्ट्रेशन से जुड़े महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
आज 27 जनवरी को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने सभी पार्षदों के साथ कोंकन भवन पहुंचकर ग्रुप रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करेंगे। शिंदे गुट इसे संगठनात्मक मजबूती के संकेत के रूप में देख रहा है। पार्टी की ओर से बीएमसी मेयर पद पर दावा मजबूत करने के लिए अपने संख्याबल को औपचारिक रूप से दर्ज कराने पर जोर दिया जा रहा है। कोंकन भवन को फिलहाल राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनाया गया है, जहां सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।
दूसरी ओर, आज शाम 6 बजे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और कोर ग्रुप के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में बीएमसी मेयर चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति, ग्रुप रजिस्ट्रेशन की स्थिति और संभावित राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें :- Pune: शिरूर की राजनीति में बड़ा उलटफेर, कटके-पवार साथ आए, कार्यकर्ता उलझन में
मुंबई नगर निगम अधिनियम, 1888 के अनुसार महापौर का चुनाव एक निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत किया जाता है। नगर सचिव, आयुक्त से परामर्श कर चुनाव की तारीख तय करते हैं और इसके लिए विशेष बैठक बुलाई जाती है। इस बैठक की सूचना सभी पार्षदों को कम से कम तीन दिन पहले देना अनिवार्य होता है। इच्छुक उम्मीदवार को तय प्रारूप में आवेदन करना होता है, जिस पर एक पार्षद प्रस्तावक और दूसरे अनुमोदक के हस्ताक्षर आवश्यक होते हैं। यदि एक से अधिक उम्मीदवार होते हैं, तो चुनाव हाथ उठाकर या गुप्त मतदान के जरिए संपन्न कराया जाता है।






