बड़ी खबर: जिला परिषद-पंचायत समिति चुनाव की वोटिंग और नतीजे टले, तारीखों में बड़ा बदलाव

Maharashtra State Election Commission: महाराष्ट्र में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की मतदान और मतगणना की तारीखें बदली गई हैं, अब वोटिंग 7 फरवरी और नतीजे 9 फरवरी 2026 को घोषित होंगे।
election dates postponed
Election Commission (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Local Body Elections Maharashtra: राज्य चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में 12 जिला परिषदों और उनके अंतर्गत आने वाली 125 पंचायत समितियों के आम चुनावों की मतदान और मतगणना की तारीखों में बदलाव किया है। यह फैसला उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन के कारण राज्य में घोषित तीन दिवसीय शोक को देखते हुए लिया गया है। नए कार्यक्रम के अनुसार, 5 फरवरी 2026 को प्रस्तावित मतदान अब 7 फरवरी 2026 को कराया जाएगा। वहीं, मतगणना की तारीख भी बदलकर 9 फरवरी 2026 कर दी गई है।

पहले घोषित कार्यक्रम के अनुसार प्रक्रिया पूरी

राज्य चुनाव आयोग ने 13 जनवरी 2026 को इन चुनावों के लिए विस्तृत चुनाव कार्यक्रम घोषित किया था। इसके तहत नामांकन पत्र दाखिल करने, नामांकन वापसी, चुनाव चिन्ह आवंटन और उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हालांकि, मतदान, मतगणना और निर्वाचित सदस्यों के नाम राजपत्र में प्रकाशित करने की प्रक्रिया शेष थी।

शोक अवधि के कारण कार्यक्रम में बदलाव

28 जनवरी 2026 को उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद राज्य सरकार ने 28 से 30 जनवरी तक तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया। इस अवधि में किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम के आयोजन पर रोक थी, जिसके चलते चुनाव प्रक्रिया के शेष चरणों में बदलाव आवश्यक हो गया।

सुप्रीम कोर्ट की समय-सीमा को ध्यान में रखकर निर्णय

जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों को लेकर माननीय सुप्रीम कोर्ट ने 31 जनवरी 2026 के बाद केवल दो सप्ताह की अतिरिक्त समय-सीमा दी है। ऐसे में निर्धारित अवधि के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य था। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए राज्य चुनाव आयोग ने मतदान और मतगणना की तारीखें आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।

बदला हुआ चुनाव कार्यक्रम

  • राज्य चुनाव आयोग के निर्देशानुसार संबंधित जिला कलेक्टर 31 जनवरी 2026 को संशोधित चुनाव कार्यक्रम का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेंगे। इसके अनुसार:
  • मतदान: 7 फरवरी 2026, सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक
  • चुनावी प्रचार समाप्त: 5 फरवरी 2026, रात 10 बजे
  • मतगणना: 9 फरवरी 2026, सुबह 10 बजे से
  • मतगणना और परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद संबंधित क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता समाप्त कर दी जाएगी।

11 फरवरी तक राजपत्र में प्रकाशन

मतगणना पूरी होने के बाद निर्वाचित जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के नाम 11 फरवरी 2026 तक सरकारी राजपत्र में प्रकाशित कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही फरवरी के दूसरे सप्ताह तक पूरी चुनावी प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com