'बिहार में बनेगी महागठबंधन की सरकार', कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

Harshvardhan Sapkal: बिहार चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल ने इंडिया गठबंधन की जीत का दावा किया और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए।
harshvardhan sapkal
हर्षवर्धन सपकाल
Published on
Updated on

Mumbai News: बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। महाराष्ट्र से कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल ने दावा किया है कि बिहार की जनता ने मन बना लिया है कि इस बार महागठबंधन की सरकार बनेगी।

बिहार विधानसभा चुनाव दो चरण में आयोजित कराए जाएंगे। चुनाव को लेकर तमाम राजनीतिक दलों की ओर से सरकार बनाने का दावा पेश किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि इस विधानसभा चुनाव में परिवर्तन देखने को मिलेगा और जनता इंडिया गठबंधन की सरकार बनाएगी।

उन्होंने चुनाव आयोग पर तंज कसते हुए कहा कि संवैधानिक संस्था से उम्मीद होती है कि वह निष्पक्ष तरीके से चुनाव कराएगी, लेकिन वर्तमान स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत नहीं होता। उन्होंने कहा कि बिहार में विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग से निष्पक्ष भूमिका निभाने की अपेक्षा है ताकि लोकतंत्र की गरिमा बनी रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 24 साल के कार्यकाल को भाजपा नेताओं द्वारा ऐतिहासिक बताए जाने पर कांग्रेस नेता ने आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि 24 साल के कार्यकाल में सरकार को यह बताना चाहिए कि युवाओं को कितना रोजगार मिला, किसानों के हित में क्या-क्या कदम उठाए गए। देश की जनता को यह जानने का हक है कि 100 स्मार्ट सिटी बनाने का वादा कहां तक पूरा हुआ।

महाराष्ट्र सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित किसानों के लिए घोषित 31,628 करोड़ रुपए के राहत पैकेज पर भी कांग्रेस नेता ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह घोषणा केवल इसलिए की गई, क्योंकि पीएम मोदी का दौरा था। यह महाराष्ट्र के किसानों के साथ धोखा है। उन्होंने मांग कि है कि किसानों को प्रति हेक्टेयर 50,000 रुपए की सहायता और कर्जमाफी दी जाए।

महाराष्ट्र की महायुति सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि महायुति में सबकुछ बिगड़ चुका है। ये लोग केवल सत्ता के लिए एकजुट हुए थे। उन्होंने कहा कि वे सवाल भी उठाते हैं और सरकार में भी बने रहना चाहते हैं, यह उनकी दोहरी मानसिकता को दिखाता है। -एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com