मोदी ने निकाली 'नरेंदर सरेंडर' की काट! मुंबई में बताई कांग्रेस की कमजोरी, राहुल गांधी को दिखाया आईना

Navi Mumbai International Airport: पीएम मोदी ने 19,650 करोड़ की लागत से बने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया, इसे एशिया के बड़े कनेक्टिविटी हब के रूप में बताया।
PM Modi Rahul Gandhi
PM मोदी, राहुल गांधी
Published on
Updated on

Mumbai News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग 19,650 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज मुंबई का लंबा इंतजार खत्म हुआ। मुंबई को अब अपना दूसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट मिल गया है। यह एयरपोर्ट इस क्षेत्र को एशिया के सबसे बड़े कनेक्टिविटी हब के रूप में स्थापित करने में बड़ी भूमिका निभाएगा।"

पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज मुंबई को पूरी तरह से भूमिगत मेट्रो भी मिली है। इससे मुंबई में परिवहन और आसान होगा, लोगों का समय बचेगा। यह भूमिगत मेट्रो विकसित होते भारत का जीवंत प्रतीक है। मुंबई जैसे व्यस्त शहर में, जमीन के नीचे और ऐतिहासिक ईमारतों को सुरक्षित रखते हुए यह शानदार मेट्रो बनाई गई है। मैं इससे जुड़े श्रमिकों और इंजीनियर्सों को भी बधाई देता हूं।

देश में एयरपोर्ट की संख्या 160 के पार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब सपनों को सिद्ध करने का संकल्प हो, जब देशवासियों तक तेज विकास का लाभ पहुंचाने की इच्छा शक्ति हो तो नतीजे भी मिलते हैं। हमारी हवाई सेवा और इससे जुड़ी इंडस्ट्री इसका बहुत बड़ा प्रमाण है। आपको याद होगा, 2014 में जब देश ने मुझे अवसर दिया तो मैंने कहा था कि मेरा सपना है हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई सफर कर सके।

इस सपने को पूरा करने के लिए बहुत जरूरी था कि देश में नए-नए एयरपोर्ट बनाए जाएं। हमारी सरकार ने इस मिशन पर गंभीरता से काम करना शुरू किया। बीते 11 साल में देश में एक के बाद एक एयरपोर्ट बनते चले गए। साल 2014 में हमारे देश में केवल 74 एयरपोर्ट थे, आज भारत में एयरपोर्ट की संख्या 160 को पार कर गई है।

कांग्रेस पर बोला हमला

पीएम मोदी ने कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। पीएम मोदी ने कहा मुंबई भारत का अहम शहर है। इसलिए आतंकियों ने हमले के लिए मुंबई को चुना था। मुंबई हमले के बाद कांग्रेस ने कमजोरी का मैसेज दिया। आतंकवाद के सामने घुटने टेकने का सबूत दिया। कांग्रेस के बड़े नेता जो गृह मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में खुलासा किया है कि मुंबई हमले के बाद सेनाएं पाकिस्तान पर हमला करने को तैयार थीं।

तब कांग्रेस ने किसी दूसरे देश के दबाव में पाकिस्तान पर हमला रोक दिया था। कांग्रेस को बताना होगा कि वह कौन था, जिसने ऐसा करने से रोक दिया। कांग्रेस की इस कमजोरी ने देश की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को कमजोर किया। इसकी कीमत बार-बार हमलों से जान गंवानी पड़ रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com