मनोज जरांगे करेंगे मुंबई में आंदोलन
मुंबई: मराठा आंदोलनकारी मनोज जरांगे पाटिल, मराठा समाज के लिए आरक्षण की मांग को लेकर एक बार फिर से आक्रामक हो गए हैं। रविवार को अंबड तालुका के महाकाला में हुई 123 गांवों के ग्रामीणों की एक बैठक के बाद उन्होंने 29 अगस्त को मुंबई में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
सुधर जाएं, नहीं तो कोई घर नहीं बचेगा
मनोज जरांगे पाटिल ने कहा कि आंदोलन में गोदावरी नदी के इर्द-गिर्द रहने वाले 123 गांव के लोग शामिल होंगे। बैठक में मनोज जरांगे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चेतावनी देते हुए कहा कि मराठा समाज को आरक्षण देने का यह आपके पास आखिरी मौका है। जरांगे ने मुख्यमंत्री को लगभग धमकी देते हुए कहा कि हम सुधरने का मौका दे रहे हैं, आप सुधर जाएं, नहीं तो एक दिन सब मिल कर आपके पीछे लग जाएंगे और तब आपके पास कोई घर नहीं बचेगा।
मराठों को आरक्षण दो, नहीं तो भयंकर परिणाम होंगे
मराठों को आरक्षण दो, नहीं तो भयंकर परिणाम होंगे। इसी के साथ जरांगे ने मराठों से मुंबई कूच करने की तैयारी करने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि आरक्षण आपका अधिकार है, इसे छोड़ना नहीं। आरक्षण अमृत है। बेफिक्र रहो, हम किसी के बाप के लिए आरक्षण नहीं मांग रहे हैं। सरकार के पास आरक्षण देने का यह आखिरी मौका है। अन्यथा सरकार को मराठा समुदाय के गुस्से का सामना करना पड़ेगा।
भुजबल-फडणवीस को घूमने नहीं देंगे
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस छगन भुजबल की आड़ में मराठा बनाम ओबीसी विवाद खड़ा करने का काम कर रहे हैं। जो अभिलेख प्राप्त हुए हैं, उन्हें सत्यापित करने में अनिच्छा है। अधिकारियों को सूचित करके त्रुटियों को ठीक किया जा रहा है। मनोज जरांगे पाटिल ने चेतावनी दी कि यदि मराठा आरक्षण का विरोध करेंगे तो देवेंद्र फडणवीस और छगन भुजबल को सड़कों पर घूमने नहीं दिया जाएगा।