

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। मुंबई शुक्रवार रात से ही बारिश का प्रकोप भी बढ़ गया। मुंबई, रायगड समेत तटीय इलाकों में मूसलाधार बारिश हाे रही है। 21 अगस्त तक तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्र में कुछ स्थानों पर रविवार को भी भारी बारिश से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। मराठवाड़ा में कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना है और बिजली और गरज के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने मुंबई में हो रही बारिश को देखते हुए शनिवार को रेड अलर्ट जारी किया था। लेकिन रविवार को इसे हटाकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा ठाणे, पालघर, रायगड, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और सातारा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कोंकण तट पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और समुद्र में उथल-पुथल बनी रहेगी, इसलिए मछुआरों से इस दौरान समुद्र में जाने से बचने की अपील की गई है। आपदाओं के प्रति सतर्क रहने के लिए 'सचेत' ऐप के ज़रिए नागरिकों को अलर्ट संदेश भेजे जा रहे हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल को आपदा के संबंध में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने विदर्भ में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। नागपुर में कभी धूप तो कभी छांव का का खेल जारी है। विदर्भ के चंद्रपुर, गड़चिरोली और यवतमाल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नागपुर, अकोला, भंडारा, अमरावती, बुलढाणा, गोंदिया, वर्धा और वाशिम में येलाे अलर्ट है।
नागपुर में शनिवार दोपहर 3.30 बजे के बाद करीब 1 घंटे की हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने सिटी में बीते 33 घंटों यानी शुक्रवार की सुबह 8.30 से शनिवार की शाम 5.30 बजे तक कुल 53.2 मिमी बारिश दर्ज की।
वहीं मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के महराठवाड़ा के कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए येलाे अलर्ट जारी किया है। छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, हिंगोली और नांदेड़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।