हर्षवर्धन सपकाल और सीएम देवेंद्र फडणवीस।
मुंबई: महाराष्ट्र में इन दिनों मुगल शासक औरंगजेब की कब्र और उसके क्रूर शासन को लेकर हिन्दू संगठनों में आक्रोश फैला हुआ है। इस बीच विधानसभा के कार्यकाल के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की टिप्पणी पर जमकर हंगामा हो गया। सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति के विधायकों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तुलना क्रूर मुगल शासक औरंगजेब से किए जाने पर विधानसभा में जमकर हो-हल्ला किया। हालात बेकाबू होने पर सदन की कार्यवाही को 10 मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया। भाजपा और सदस्य दल के नेताओं ने कांग्रेस नेता के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की।
विधानसभा का सत्र शुरू होने के साथ ही आज सत्तारूढ़ दल महायुति का गुस्सा फूट पड़ा। मुख्यमंत्री फडणवीस की तुलना मुगल शासक औरंगजेब से करने संबंधी बयान को लेकर सतारूढ़ विधायकों ने संसद में खूब हंगामा किया। सत्ताधारी दल भाजपा और सदस्य दल के नेता प्रवीण डेरेकर ने सदन में इस मुद्दे को उठाते हुए कांग्रेस नेता पर हमला बोला।
महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
राज्य का शासनकाल मुख्यमंत्री फडणवीस के नेतृत्व में बेहतर ढंग से चल रहा है। ऐसे में उनकी तुलना औरंगजेब जैसे क्रूर शासक से करना बेहद निंदनीय है। यह महाराष्ट्र का अपमान है। उन्होंने कहा कि सपकाल के खिलाफ मामला दर्ज कराने के साथ सख्त कार्रवाई कर संसद को एक उदाहरण स्थापित करना चाहिए। महायुति के घटक दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अमोल मितकारी ने भी सपकाल के बयान की जमकर आलोचना की है।
संसद में सपकाल के बयान पर उठे हंगामे के बाद कांग्रेस नेता भाई जगताप ने आरोपों का खंडन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का कोई बयान सपकाल ने नहीं दिया है, सत्ताधारी दल बेवजह हंगामा कर रहा है। वहीं विपक्ष के नेता अंबदास दानवे ने व्यक्तिगत हमलों के बारे में अपनी अस्वीकृति प्रकट की लेकिन सरकार पर औरंगजेब जैसी मानसिकता होने का आरोप लगाया है। वहीं राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सदन को आश्वासन दिया सरकार सपकाल की ओर से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार करेगी।