
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Jalgaon Burnt Woman Body Found: महाराष्ट्र के जलगांव जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एरंडोल तहसील के अंतर्गत आने वाले पद्मालय शिवार के घने जंगलों में एक अज्ञात महिला का अधजला शव बरामद हुआ है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय पुलिस इसे एक ‘ब्लाइंड मर्डर’ केस मानकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, कुछ स्थानीय ग्रामीण जब जंगल की ओर गए, तो उन्हें झाड़ियों के पास एक अधजला हुआ शव दिखाई दिया। शव की हालत देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना एरंडोल पुलिस को दी। पुलिस की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस के मुताबिक, महिला का शव काफी हद तक जल चुका है, जिससे उसकी तत्काल पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जलगांव पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वायड को बुलाया है। जांच टीम ने घटनास्थल से कुछ अहम नमूने इकट्ठा किए हैं। पुलिस को अंदेशा है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को जंगल में लाकर जला दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और समय का पता चल पाएगा।
यह भी पढ़ें:- मुंबई-पुणे तो झांकी है… समृद्धि एक्सप्रेसवे पर रोज झेलना पड़ता है जाम का झाम! 30 KM के लिए लगते है 3 घंटे
जलगांव पुलिस अब जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि महिला की शिनाख्त की जा सके। स्थानीय स्तर पर पुलिस ग्रामीणों से भी पूछताछ कर रही है कि क्या उन्होंने पिछले 24 से 48 घंटों में किसी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति को जंगल की ओर जाते देखा था। एरंडोल पुलिस का कहना है कि वे हर एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं, चाहे वह प्रेम प्रसंग हो, पुरानी रंजिश या फिर कोई अन्य पारिवारिक विवाद।
जंगल के आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी उनकी गिरफ्त में होंगे। फिलहाल, इस खौफनाक वारदात ने जिले में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।






