
साकरीटोला-ठाणा मार्ग का पुल धसा (सौजन्य-नवभारत)
Sinking Bridge Amgaon: आमगांव-देवरी विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों मार्ग अपनी दुर्दशा पर आंसु बहा रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र के अनेक मार्ग की हालत अत्यंत दयनीय अवस्था में है, लेकिन शासन-प्रशासन से किसी प्रकार की राहत नहीं मिल रही है। वहीं साकरीटोला-ठाणा मार्ग पर बना पुल धस गया है। जो बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रहा है।
आमगांव तहसील के अंतर्गत जांभुरटोला से आसोली मार्ग पर स्थित साकरीटोला से ठाणा को जोड़ने वाली सड़क जो अत्यंत महत्त्वपुर्ण मार्ग है, यह मार्ग ना केवल दो तहसील को जोड़ने वाला मार्ग है। बलकि सालेकसा तहसील के करीब 42 से अधिक गावं व आमगांव तहसील का एक बड़ा हिस्सा जो कि वाहन चालक जिला मुख्यालय तक जाने के लिए इसी मार्ग का प्रयोग करते हैं व अत्यंत व्यस्त मार्ग है।
वर्तमान में यह सड़क दुर्घटनाओ को न्योता दे रही है। लगभग 7 वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री सड़क योजना के तहत निर्मित यह मार्ग अब अपनी बदहाली पर आंसु बहा रहा है। इस मार्ग पर खेतों की ओर पानी निकासी के लिए बनाया गया पांच पाइपों वाला छोटा पुल पाइप टूटने के कारण पूरी तरह से धस गया है, जिसकी वजह से सड़क के बीचों-बीच बड़े और गहरे गड्ढे बन गए हैं। 5 साल तक इस मार्ग की देखरेख मुख्यमंत्री सड़क योजना विभाग के पास थी, लेकिन वर्तमान में यह जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग और जिला परिषद के बीच उलझी हुई है।
इस साल हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण पुल का हिस्सा धसना शुरू हुआ था, जो अब खतरनाक रूप ले चुका है। स्थिति इतनी गंभीर है कि दिन हो या रात, यहां से गुजरने वाले राहगीरों के लिए यह गड्ढे मौत का कुआं साबित हो रहे हैं। दोनों संबंधित विभागों से संपर्क करने पर केवल आश्वासन और एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टालने का खेल चल रहा है।
जबकि धसे हुए पुल और सड़क पर गड्ढों के कारण कभी भी किसी की जान जा सकती है। ग्रामीणों ने पुरजोर मांग की है कि इन जानलेवा गड्ढों को तुरंत बुझाया जाए और धसे हुए पुराने पुल की जगह नए पुल का जल्द से जल्द निर्माण किया जाए।
यह भी पढ़ें – 198 अधिकारियों के SIM कब होंगे एक्टिवेट? गोंदिया में नॉट रीचेबल की समस्या से किसान नाराज
साकरीटोला-ठाणा मार्ग अत्यंत महत्त्वपूर्ण मार्ग है व व्यस्त मार्ग है। लेकिन इस मार्ग पर अनेक जगह बड़े-बडे गड्ढों से मार्ग पर वाहनचालक का चलना मुश्किल हो रहा है। इस मार्ग को जल्द से जल्द सुधारने की आवश्यकता है।
– अंजली बिसेन, सामाजिक कार्यकर्ता, तिगांव
यह मार्ग मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सात साल पहले बनाया गया था। मार्ग के देखभाल का समय खत्म हो चुका है। अब इसकी देखभाल की जिम्मेदारी जिप लोक निर्माण विभाग की ही है। मार्ग के सुधार के लिए 40 लाख रुपये निधी की मांग की गई थी। जिसमें 10 लाख रुपये की निधी उपलब्ध हो गई है। जिस निधि से आवश्यक गड्ढों को भरने का काम किया जाएगा।
– रविकांत बिसेन, उपविभागीय अभियंता, लोक निर्माण विभाग, आमगांव






