नागपुर में पति ने फावड़े से की पत्नी की हत्या, प्रेमी संग वीडियो कॉल बनी मौत की वजह

Nagpur Crime News: नागपुर में युवक से संबंधों के शक में पति ने पत्नी की फावड़े से हत्या कर दी। पहले हादसा बताने की कोशिश की, पर जांच में सच्चाई सामने आई। आरोपी किशोर प्रधान गिरफ्तार।
nagpur-husband-kills-wife-affair-case-shovel-murder
आरोपी पति व मृतिका (सोस: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur murder News: नागपुर में युवक से अनैतिक संबंध होने के कारण पति ने अपनी पत्नी को फावड़े से वार कर मौत के घाट उतार दिया। पहले तो उसे अस्पताल में भर्ती करवाने की नौटंकी की, लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पूछताछ में पूरा मामला सामने आया।

एमआईडीसी थानांतर्गत पंचशीलनगर इलाके में हुई इस घटना से नागरिकों में हड़कंप मच गया। मृतक रिंकी किशोर प्रधान (23) और आरोपी उसका पति किशोर शंकर प्रधान (31) बताया गया। पुलिस के अनुसार किशोर गैरेज में काम करता है। इसके अलावा वह मजदूरी भी करता था।

क्या है मामला?

किशोर का 5 वर्ष पहले विवाह रिंकी से हुआ था, लेकिन उन्हें कोई औलाद नहीं थी। इस बीच रिंकी के तार करण नामक युवक से जुड़ गए। करण का उसके घर पर जाना-आना शुरू हो गया। इसकी जानकारी कुछ लोगों ने किशोर को दी थी। तब से वह रिंकी से नाराज चल रहा था। उसने रिंकी को समझाया कि वह करण से दूर रहे।

विवाद के बाद भागी अहमदाबाद

इसके बाद रिंकी ने वाट्सएप पर वीडियो कॉल और चैटिंग शुरू कर दी। किशोर ने तब भी उसे समझाया था और दोनों का जमकर विवाद भी हुआ था। 25 दिन पहले रिंकी अपने प्रेमी करण के साथ अहमदाबाद भाग गई थी। किशोर ने रिश्तेदारों की मदद ली और 9 दिन बाद रिंकी घर वापस लौटी थी। तब करण को भी समझाया गया था। रिंकी ने भी माफी मांग ली थी और सब सामान्य हो गया था। कुछ दिन तक ठीक रहने के बाद रिंकी ने फिर करण से बातचीत शुरू कर दी।

वीडियो कॉल देख पति को आया गुस्सा

रविवार को दोपहर में किशोर घर लौटा तो रिंकी वीडियो कॉल पर करण से बातचीत करती दिखाई दी। उसने अपना फोन छुपाने का प्रयास किया। किशोर ने मोबाइल की जांच की तो वीडियो कॉल और चैटिंग दिखाई दी। गुस्से से बौखलाए किशोर ने घर में रखा फावड़ा उठाकर रिंकी के सिर पर मार दिया। खून की धार लग गई और रिंकी बेहोश हो गई।

किशोर घर के बाहर निकला। वहां मौजूद 2 परिचित लोगों को बताया कि दीवार पर सिर पटकने के कारण रिंकी जख्मी हो गई है। उनकी मदद से वह रिंकी को पास के अस्पताल ले गया। डॉक्टरों ने रिंकी को मृत घोषित कर दिया और एमएलसी एमआईडीसी पुलिस को भेजी गई।

तत्काल एमआईडीसी के एपीआई संजय बंसोड़ अपनी टीम के साथ किशोर के घर पहुंचे। घटनास्थल की जांच में हत्या का खुलासा हो गया, लेकिन तब भी किशोर अपनी झूठी कहानी बता रहा था। पुलिसिया हथकंडे अपनाने पर उसने हत्या की कबूली दी और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com