अब चश्मा बोलेगा, सुनेगा और रिकॉर्ड करेगा, Meta-Oakley ने भारत में लॉन्च किया AI स्मार्ट ग्लास

Meta Smart Glass: टेक्नोलॉजी और स्पोर्ट्स की दुनिया अब एक-दूसरे से तेजी से जुड़ रही है। इसी कड़ी में Meta और Oakley ने मिलकर भारत में नया Oakley Meta Vanguard स्मार्ट ग्लास लॉन्च कर दिया है।
Now glasses will talk, listen, and record; Meta-Oakley launches AI smart glasses in India.
Oakley Meta Vanguard (Source. Oakley)
Published on
Updated on

Oakley Meta Vanguard Smart Glass: टेक्नोलॉजी और स्पोर्ट्स की दुनिया अब एक-दूसरे से तेजी से जुड़ रही है। इसी कड़ी में Meta और Oakley ने मिलकर भारत में नया Oakley Meta Vanguard स्मार्ट ग्लास लॉन्च कर दिया है। यह स्मार्ट ग्लास खासतौर पर एथलीट्स, साइक्लिंग करने वालों और आउटडोर लाइफस्टाइल पसंद करने वाले यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसे Ray-Ban Meta ग्लास का स्पोर्ट्स वर्जन माना जा रहा है, जिसमें कैमरा, AI और ऑडियो टेक्नोलॉजी को चश्मे के फ्रेम में ही फिट किया गया है।

कैमरा, वीडियो और कॉल सब कुछ सीधे चश्मे से

Oakley Meta Vanguard में 12 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है, जो 122 डिग्री फील्ड ऑफ व्यू के साथ फर्स्ट पर्सन व्यू में रिकॉर्डिंग करता है। यूजर इससे 1080p वीडियो 30fps पर 5 मिनट तक और 60fps पर 3 मिनट तक रिकॉर्ड कर सकते हैं। इसके अलावा सीमित समय के लिए 3K रिजोल्यूशन रिकॉर्डिंग भी संभव है। रिकॉर्ड किए गए फोटो और वीडियो को सीधे Facebook और Instagram जैसे Meta प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया जा सकता है। इस स्मार्ट ग्लास से कॉल अटेंड करना, फोटो क्लिक करना और वीडियो रिकॉर्ड करना पूरी तरह हैंड्स-फ्री हो जाता है।

स्पोर्ट्स के लिए मजबूत डिजाइन और हल्का वजन

Oakley Meta Vanguard का रैपअराउंड डिजाइन आंखों को बेहतर कवरेज देता है, जो तेज धूप, हवा और धूल से सुरक्षा करता है। इसका वजन करीब 66 ग्राम है, जिससे लंबे समय तक पहनने में भी परेशानी नहीं होती। इसे IP67 रेटिंग मिली है, यानी यह पानी और धूल से काफी हद तक सुरक्षित है। इसमें Oakley की Prizm लेंस टेक्नोलॉजी दी गई है, जो आउटडोर विजिबिलिटी को बेहतर बनाती है।

Meta AI, हिंदी सपोर्ट और UPI Lite

इस स्मार्ट ग्लास में Meta AI का इंटीग्रेशन दिया गया है, जिसे "Hey Meta AI" बोलकर एक्टिव किया जा सकता है। यूजर वॉयस कमांड से गाने पहचान सकते हैं, सवाल पूछ सकते हैं और मैसेज सुन सकते हैं। खास बात यह है कि भारत के लिए इसमें हिंदी भाषा सपोर्ट और हिंदी वॉयस इंटरैक्शन भी जोड़ा गया है। इतना ही नहीं, UPI Lite पेमेंट कंट्रोल जैसे इंडिया-फोकस फीचर्स भी इसमें मौजूद हैं। AI वॉयस ऑप्शन में दीपिका पादुकोण की आवाज भी शामिल की गई है।

कीमत, वेरिएंट और बैटरी डिटेल्स

भारत में Oakley Meta Vanguard की शुरुआती कीमत ₹52,300 रखी गई है। यह Sunglass Hut, LensCrafters और चुनिंदा ऑप्टिकल स्टोर्स पर उपलब्ध है। इसे चार वेरिएंट में उतारा गया है, जिनमें अलग-अलग Prizm लेंस ऑप्शन मिलते हैं। कनेक्टिविटी के लिए Bluetooth 5.3 और Wi-Fi 6E सपोर्ट दिया गया है। डिवाइस में 32GB स्टोरेज है और बैटरी सामान्य उपयोग में करीब 9 घंटे चलती है, जबकि चार्जिंग केस के साथ कुल बैटरी लाइफ 36 घंटे तक बताई गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com