ट्रेन के जनरल डिब्बे में 'शराब वाली आंटियां': वर्धा रेलवे पुलिस ने 187 बोतलों के साथ दो महिलाओं को दबोचा!

Liquor Smuggling Train: वर्धा रेलवे पुलिस की बड़ी कार्रवाई। रायपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस में शराब तस्करी कर रही दो महिलाएं गिरफ्तार। 187 बोतलें बरामद, मध्यप्रदेश से जुड़े तार।
Wardha Railway Police arrest two women from MP for smuggling 187 bottles of liquor in Raipur-Secunderabad Express.
चंद्रपुर में शराब तस्करी (सौजन्य-नवभारत)
Updated on

Chandrapur Railway Station: रेल मार्ग के जरिए की जा रही शराब तस्करी का रेलवे पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 31,790 रुपये कीमत की विदेशी शराब बरामद की गई। 6 फरवरी 2026 को रेलवे पुलिस स्टेशन, वर्धा की अपराध अन्वेषण टीम को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 12772 रायपुर–सिकंदराबाद एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में दो महिलाएं बैगों के जरिए विदेशी शराब की तस्करी कर रही हैं और उनके चंद्रपुर रेलवे स्टेशन पर उतरने की संभावना है।

सूचना मिलते ही चंद्रपुर पुलिस ने जाल बिछाकर कार्रवाई की योजना बनाई। ट्रेन के चंद्रपुर स्टेशन पर पहुंचते ही पुलिस ने जनरल डिब्बे की जांच की। इस दौरान दो महिलाएं संदिग्ध हालत में मिलीं। पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके बैगों की तलाशी ली गई1 तलाशी में “ऑफिसर चॉइस सुप्रीम व्हिस्की (केवल मध्यप्रदेश में बिक्री हेतु)” ब्रांड की शराब बरामद हुई। इसके बाद दोनों महिलाओं को शराब समेत बल्लारशाह रेलवे स्टेशन पर उतारकर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।

187 बोतल शराब बरामद

गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमारी धीरेंद्र जाट (38) और रानीबाई गब्बर जाट (48), निवासी धमापुर, जिला जबलपुर (मध्यप्रदेश) है। उनके पास से क्रमशः 103 और 84, कुल 187 प्लास्टिक बोतलों में शराब बरामद हुई, जिसकी कुल कीमत 31,790 रुपये बताई गई है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम की धारा 65 (क) और 66 (1) (ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह कार्रवाई रेलवे पुलिस अधीक्षक नागपुर मंगेश शिंदे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. दत्ताराम राठौड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी पांडुरंग सोनवणे तथा प्रभारी अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक पंकज ढोके के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल गणेश वाघाडे, पंकज भांगे, अश्विन पनेलवार, राजेश ठाकरे, महिला पुलिस कांस्टेबल कीर्ति मिश्रा तथा अपराध अन्वेषण टीम के अखिलेश चौधरी और निलेश निकोडे शामिल रहे।

Navbharat Live
navbharatlive.com