करंजी के पास भीषण हादसा, लोगों ने लूटी मुर्गियां, हादसे में एक की मौत, एक गंभीर घायल

Surjagad Truck Accident: चंद्रपुर जिले के करंजी के पास सूरजागड लौहखनिज ट्रक और पोल्ट्री पिकअप की टक्कर में एक की मौत और एक गंभीर घायल हो गया, वहीं हादसे के बाद मुर्गियों की लूट से मानवता शर्मसार हुई।
Chandrapur Accident News
Surjagad Truck Accident:चंद्रपुर जिले के करंजी (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Chandrapur Accident News: बल्लारपुर-गोंडपिपरी मार्ग पर करंजी से मात्र एक किलोमीटर की दूरी पर सोमवार दोपहर करीब 2.30 बजे सूरजागड कंपनी के लौहखनिज से भरे ट्रक और एक पोल्ट्री पिकअप वाहन के बीच भीषण दुर्घटना हुई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूरजागड कंपनी का लौहखनिज लेकर ट्रक क्रमांक एमएच 33 टी 4148 गोंडपिपरी से बल्लारपुर की ओर जा रहा था। उसी समय बल्लारपुर से गोंडपिपरी की ओर जा रही पोल्ट्री फार्म की पिकअप गाड़ी से उसकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

सूरजागड लौहखनिज ट्रक और पोल्ट्री पिकअप में टक्कर

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक और पिकअप वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में पिकअप वाहन के चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सहयात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूरजागड लौहखनिज ट्रक और पोल्ट्री पिकअप की टक्कर

दुर्घटना के कारण दोनों वाहन सड़क के बीचोंबीच फंस गए, जिससे मार्ग के दोनों ओर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। करीब एक से दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।

मानवता हुई शर्मसार

इतनी भीषण दुर्घटना के बाद भी कुछ लोगों की अमानवीय हरकत सामने आई। पुलिस के मौके से लौटते ही लोगों ने पिकअप वाहन में भरी जिंदा और मृत मुर्गियों को लूट लिया। मुर्गियां लूटने के लिए घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे मानवता शर्मसार हो गई। फिलहाल इस मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। वहीं स्थानीय नागरिकों ने सूरजागड कंपनी के भारी वाहनों की तेज गति पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।

Navbharat Live
navbharatlive.com