मध्य रेल को हुई 14,441 करोड़ रुपये की आय, यात्री किराए से कमाए 6,561.38 करोड़

Central Railway Revenue: मध्य रेल ने वित्त वर्ष 2025-26 (जनवरी तक) में 14,441 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जिसमें यात्री किराया, माल ढुलाई और गैर-किराया स्रोतों से मजबूत आय दर्ज की गई।
Indian Railways earnings 2025-26
passenger fare income (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Railway: मध्य रेल ने वित्त वर्ष 2025-26 (जनवरी 2026 तक) में यात्री किराए और वाणिज्यिक परिवहन से उल्लेखनीय राजस्व अर्जित किया है। मध्य रेल ने यात्री एवं वाणिज्यिक परिवहन से कुल 14,441.23 करोड़ रुपये की आय दर्ज की है। इसमें यात्री परिवहन से 6,561.38 करोड़ रुपये और माल परिवहन से 6,741.29 करोड़ रुपये की आय हुई है। इसके अलावा अन्य कोचिंग सेवाओं से 640.80 करोड़ रुपये, विविध मदों से 497.76 करोड़ रुपये, गैर-किराया पहलों से 108.58 करोड़ रुपये तथा पार्सल परिवहन से 209.97 करोड़ रुपये की आय शामिल है।

जनवरी में हुई 1,579.80 करोड़ की कमाई

जनवरी 2026 के दौरान मध्य रेल ने कुल 1,579.80 करोड़ रुपये की यात्री एवं वाणिज्यिक आय दर्ज की। इसमें 680.30 करोड़ रुपये यात्री आय, 784.07 करोड़ रुपये माल आय, 63.90 करोड़ रुपये अन्य कोचिंग आय और 51.53 करोड़ रुपये विविध आय शामिल है। जनवरी में गैर-किराया पहलों से 11.71 करोड़ रुपये तथा पार्सल परिवहन से 22.03 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई।

ई-नीलामी से 14 अनुबंध

जनवरी 2026 में गैर-किराया पहलों के तहत ई-नीलामी के माध्यम से 14 अनुबंध दिए गए, जिससे कुल 244.51 लाख रुपये का वार्षिक लाइसेंस शुल्क प्राप्त हुआ। इनमें मुंबई मंडल द्वारा ईएमयू रेकों के आंतरिक और बाहरी भागों पर विज्ञापन, स्टेशनों पर बहुउद्देशीय स्टॉल एवं स्वास्थ्य कियोस्क तथा विभिन्न स्थानों पर ग्लो साइन और होर्डिंग्स के माध्यम से विज्ञापन हेतु 146.13 लाख रुपये के अनुबंध दिए गए।

संचालन एवं रखरखाव के लिए 14.21 लाख रुपये के अनुबंध

भुसावल मंडल द्वारा होर्डिंग्स पर विज्ञापन, ट्रेनों के अंदर वेंडिंग मशीनों के अनुबंध तथा स्टेशनों पर प्रतीक्षा कक्ष के लिए 84.17 लाख रुपये के अनुबंध दिए गए। वहीं नागपुर मंडल द्वारा होर्डिंग्स पर विज्ञापन, प्रतीक्षा कक्षों और प्लेटफॉर्म पर आराम कुर्सियों के अनुबंध, रेडियो टैक्सी/कैब एग्रीगेटर के अनुबंध तथा विभिन्न परिसंपत्तियों के संचालन एवं रखरखाव के लिए 14.21 लाख रुपये के अनुबंध दिए गए।

जनवरी 2026 के दौरान मध्य रेल ने वित्त वर्ष 2025-26 में 171 निर्धारित समय-सारणीबद्ध, पट्टे पर ली गई और अनुबंधित ट्रेनों (ट्रिप) का संचालन किया। इनमें साप्ताहिक ट्रेन 00111 भिवंडी रोड-सांकरेल माल यार्ड, विशेष मिश्रित ट्रेन 01153 देवलाली-दानापुर (शेतकरी समृद्धि एक्सप्रेस), विशेष मिश्रित ट्रेन 01149 भिवंडी रोड-सांकरेल माल यार्ड तथा नागपुर मंडल की ट्रेन 00761 रेनिगुंटा-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस से जुड़े रेलवे दूध टैंकर शामिल रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com