क्या Google कभी भी बंद कर सकता है आपकी AI एक्सेस? OpenClaw विवाद ने खड़ा किया बड़ा सवाल

Google Gemini Pro Controversy: AI की दुनिया में इस समय एक नया विवाद गरमा गया है। टेक स्टार्टअप OpenClaw के संस्थापक पीटर स्टीनबर्गर ने Google पर “बेरहम रवैया” अपनाने का आरोप लगाया है।
Can Google ever shut off your AI access OpenClaw controversy raises a big question.
Google Gemini (Source. Gemini)
Published on: 
Updated on: 

AI Access Shut Down: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दुनिया में इस समय एक नया विवाद गरमा गया है। टेक स्टार्टअप OpenClaw के संस्थापक पीटर स्टीनबर्गर ने Google पर “बेरहम रवैया” अपनाने का आरोप लगाया है। मामला जुड़ा है Google के AI मॉडल Gemini Pro से, जिसके कुछ यूजर्स की एक्सेस अचानक बंद कर दी गई। इस घटनाक्रम ने एक अहम बहस छेड़ दी है क्या बड़ी टेक कंपनियां बिना पूर्व सूचना के किसी भी यूजर की AI पहुंच रोक सकती हैं?

क्या है पूरा मामला?

रिपोर्ट्स के अनुसार, Google ने उन Gemini Pro यूजर्स की पहुंच सीमित कर दी, जो OpenClaw के जरिए “एंटीग्रेविटी” नामक टूल का इस्तेमाल कर रहे थे। एंटीग्रेविटी एक AI आधारित सिस्टम है, जो बिना कोडिंग ज्ञान के भी सॉफ्टवेयर तैयार करने में मदद करता है। हालांकि यह कार्रवाई सीमित अकाउंट्स पर लागू हुई, लेकिन इसका असर व्यापक बहस के रूप में सामने आया है। क्योंकि आज AI टूल्स सिर्फ प्रयोग नहीं, बल्कि रोजमर्रा के काम और कमाई का साधन बन चुके हैं।

"बेरहम रवैया" स्टीनबर्गर का आरोप

पीटर स्टीनबर्गर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर Google की कड़ी आलोचना की। उन्होंने डेवलपर्स को एंटीग्रेविटी का उपयोग करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी और संकेत दिया कि OpenClaw भविष्य में इस टूल का सपोर्ट हटाने पर विचार कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य AI कंपनियां, जैसे Anthropic, समस्याओं पर बेहतर संवाद करती हैं। उनके इस बयान ने डेवलपर समुदाय में हलचल मचा दी है और प्लेटफॉर्म पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Google की सफाई: "दुरुपयोग रोकना जरूरी था"

विवाद बढ़ने के कुछ घंटों बाद Google ने अपना पक्ष रखा। कंपनी के अनुसार, एंटीग्रेविटी बैकएंड के malicious usage में अचानक भारी वृद्धि देखी गई थी। इससे प्लेटफॉर्म की सर्विस क्वालिटी प्रभावित हो रही थी। Google का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों को रोकने और सिस्टम को सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना जरूरी था। कंपनी ने इसे सुरक्षा और विश्वसनीयता से जुड़ा फैसला बताया है।

बड़ा सवाल: कंट्रोल बनाम स्वतंत्रता

यह विवाद सिर्फ दो कंपनियों के बीच नहीं है, बल्कि AI इकोसिस्टम के भविष्य से जुड़ा है। एक तरफ प्लेटफॉर्म सुरक्षा का तर्क है, तो दूसरी तरफ यूजर्स की स्वतंत्रता और पारदर्शिता की मांग। जब AI टूल्स व्यवसाय, शिक्षा और रोज़गार का हिस्सा बन चुके हैं, तब एक्सेस बंद होने का असर सीधा आम यूजर पर पड़ सकता है। फिलहाल, यह बहस तेज हो गई है AI पर अंतिम नियंत्रण किसका होना चाहिए?

Navbharat Live
navbharatlive.com