Chandrapur News: ST की बसें शुरू, भाकपा के आंदोलन को मिली सफलता, यात्रियों को मिली राहत

Brahmapuri ST Bus Service: ब्रम्हपुरी तहसील के जंगल क्षेत्र के छात्रों के लिए भाकपा के आंदोलन के बाद ST निगम ने मुडझा, हल्दा और आवलगांव मार्ग पर नियमित बस सेवा शुरू कर दी।
bus for students Maharashtra
CPI protest success (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Mudza Brahmapuri Bus Route: ब्रम्हपुरी तहसील के जंगल क्षेत्र में बसे गांवों के स्कूली छात्रों को समय पर नियमित बस सेवा नहीं मिलने के विरोध में भाकपा ने विनोद झोडगे के नेतृत्व में छात्रों के साथ प्रदर्शन किया था। इस आंदोलन का संज्ञान लेते हुए अंततः राज्य परिवहन निगम (ST) ने इन गांवों के लिए नियमित और सही समय पर बस सेवा शुरू कर दी है, जिससे सैकड़ों छात्रों ने राहत की सांस ली है।

ब्रम्हपुरी तहसील के मुडझा, हल्दा, आवलगांव क्षेत्र से सैकड़ों विद्यार्थी पढ़ाई के लिए तहसील मुख्यालय आते हैं। इनमें मजदूरों, किसानों और खेतिहर मजदूरों के बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हैं। आर्थिक कारणों से ये विद्यार्थी तहसील मुख्यालय में कमरा किराए पर नहीं ले सकते, इसलिए वे रोजाना बस से ही आवागमन करते हैं।

बस में भी अत्यधिक भीड़ रहती थी

मुडझा से ब्रम्हपुरी के लिए सुबह 9:30 बजे एक बस चलती है, लेकिन यह बस सभी यात्रियों के लिए होने के कारण इसमें यात्रियों और विद्यार्थियों की सामान्य से अधिक भीड़ हो जाती है। ऐसे में कई विद्यार्थी बस में चढ़ ही नहीं पाते। कभी-कभी उन्हें आधे पीरियड के बाद ही स्कूल पहुंचना पड़ता है। इसी तरह ब्रम्हपुरी से शाम 5 बजे निकलने वाली बस में भी अत्यधिक भीड़ रहती थी, जिससे विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

डिपो प्रबंधक को सौंपा गया था ज्ञापन

भाकपा के नेता विनोद झोडगे ने 17 जनवरी को ब्रम्हपुरी ST निगम के डिपो प्रबंधक को एक मांगपत्र सौंपा था। इसमें मांग की गई थी कि मुडझा से ब्रम्हपुरी और ब्रम्हपुरी से मुडझा के बीच केवल छात्रों के लिए विशेष बस सेवा शुरू की जाए। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि यदि 10 दिनों के भीतर बसें शुरू नहीं की गईं, तो छात्रों के साथ चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा।

सुरक्षा भी सुनिश्चित हुई

इस चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए डिपो प्रमुख ने लिखित आदेश जारी कर छात्रों के लिए नियमित बस सेवा शुरू कर दी। छात्रों के साथ उनके अभिभावकों ने विनोद झोडगे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जंगल क्षेत्र में बसे गांवों के विद्यार्थियों के लिए समय पर नियमित बस सेवा बेहद जरूरी थी। आवलगांव, हल्दा, मुडझा और तोरगांव जैसे क्षेत्र वन्यजीवों की दृष्टि से भी संवेदनशील हैं। ऐसे में नई नियमित बस सेवा शुरू होने से छात्रों को आवागमन में काफी राहत मिली है और उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित हुई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com