चंद्रकांत पाटिल (फाइल फोटो: ANI)
मुंबई. महाराष्ट्र के सभी सियासी दल इन दिनों जोरशोर से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। इसी के साथ सियासी दलों के गठबंधनों में सीटों के बंटवारे को लेकर रस्साकशी भी तेज होती जा रही है। गठबंधन में ज्यादा से ज्यादा सीटें हासिल करने के लिए सियासी दल दबाव की रणनीति अपनाते नजर आ रहे हैं। विधानसभा चुनाव में सभी 288 सीटों पर चुनाव लड़ने की क्षमता होने का दावा करते हुए सियासी दलों के नेता ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं।
महायुति सरकार में मंत्री एवं बीजेपी नेता चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि बीजेपी 288 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ने को तैयार है लेकिन हम महायुति में चुनाव लड़ेंगे। सहयोगी दलों के साथ चर्चा के बाद जितनी सीटें हमें मिलेंगी उतने पर हमारी पार्टी के उम्मीदवार लड़ेंगे। आगामी विधानसभा चुनाव की पृष्ठभूमि में बीजेपी ने कोल्हापुर में पश्चिम महाराष्ट्र क्षेत्रीय बैठक की।
कोल्हापुर, सांगली जिले के पदाधिकारियों की रविवार को बैठक हुई। इसमें लोकसभा चुनाव में जो थोड़ी कमी रह गई, उसे दूर करके आगे कैसे बढ़ा जाए इस पर चर्चा हुई। इस दौरान पाटिल ने पदाधिकारियों को संदेश दिया गया कि सफलता से भ्रमित नहीं होना चाहिए और असफलता से हताश नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बार वरिष्ठ स्तर पर तय होगा कि कौन सी पार्टी विधानसभा में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
पाटिल ने कहा कि महाराष्ट्र की तिजोरी बिलकुल भी खाली नहीं है। महाराष्ट्र का जीएसटी और स्टैंप, राजस्व बढ़ा है। महाराष्ट्र का उत्पाद शुल्क राजस्व बढ़ा है। महाराष्ट्र में कोई वित्तीय समस्या नहीं है, हम सभी योजनाएं लागू करेंगे। उन्होंने पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख द्वारा उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर लगाए गए आरोपों के संबंध में कहा कि लोकतंत्र में किसी पर भी आरोप लगाया जा सकता है। सवाल यह उठता है कि देशमुख ने यह मुद्दा दो साल बाद क्यों उठाया? उन्होंने फड़णवीस का समर्थन करते हुए कहा कि महाराष्ट्र की जनता इस पर विश्वास नहीं करेगी।
अजीत पवार को महायुति में अलग-थलग करने के प्रयास किए जाने जैसे आरोपों को विपक्ष का फेक नैरेटिव करार देते हुए पाटिल ने कहा कि विपक्षी दलों का काम भ्रम पैदा करना है। हमारे और अजीत पवार की पार्टी के साथ अच्छा तालमेल है। उन्हें महायुति में अलग-थलग किए जाने की बातें बेबुनियाद है। अजीत ने अलग कारणों से अमित शाह से मुलाकात की होगी।