

Bhandara BJP Boycott: भंडारा में पंचायत समिति की आमसभा से पहले सियासी घमासान तेज हो गया है। आज होने वाली भंडारा पंचायत समिति की आमसभा का भारतीय जनता पार्टी के 47 सरपंचों सहित 9 पदाधिकारियों ने बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। यह फैसला विधायक नरेंद्र भोंडेकर के हाल ही के व्यवहार को लेकर नाराजगी जताते हुए लिया गया है।
भाजपा जिला परिषद गटनेते विनोद बांते ने भंडारा स्थित विश्रामगृह में आयोजित पत्रकार परिषद में इसकी जानकारी दी। जिप सदस्य विनोद बांते ने कहा कि पंचायत समिति की आमसभा विकास कार्यों की समीक्षा, योजनाओं के क्रियान्वयन और ग्राम विकास योजना को मंजूरी देने के लिए अहम मंच होती है, लेकिन इस बैठक पर अब बहिष्कार का साया मंडरा रहा है।
आमसभा में 94 सरपंच, 10 जिला परिषद सदस्य और 20 पंचायत समिति सदस्यों की उपस्थिति अपेक्षित है, परंतु भाजपा विचारधारा से जुड़े 47 सरपंच और 9 पदाधिकारी बैठक में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक नरेंद्र भोंडेकर पंचायत समिति की पिछली बैठकों में भाजपा से जुड़े सरपंचों, पंचायत समिति सदस्यों और जिला परिषद सदस्यों के मुद्दों को गंभीरता से नहीं लेते।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देने के बजाय असंतोषजनक उत्तर दिए जाते हैं। नियोजन समिति की बैठकों में विधायक की अनुपस्थिति के कारण कई विकास कार्य ठप पड़े हैं, जिससे जनता में रोष है।
बांते ने कहा कि विधायक विभिन्न मंचों पर भाजपा और उसके नेताओं के खिलाफ अपमानजनक बयान देते हैं, जो गठबंधन धर्म के खिलाफ है। उनके अनुसार, विधायक का हर जगह दखल देना और भाजपा को कमतर आंकना अब सिरदर्द बन चुका है।
भिलेवाड़ा ग्राम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा दिए गए सोलर प्लांट पर जाकर भी विधायक ने भाजपा नेताओं के संदर्भ में उलजुलूल बातें करने से पिछले 5 दिनों में माहौल बिगड़ा है ऐसा दावा उन्होंने किया। यही कारण है कि पंचायत समिति आमसभा के अध्यक्ष होने के बावजूद विधायक के खिलाफ यह कड़ा कदम उठाया गया है।