महाराष्ट्र में थमा चुनाव प्रचार, 12 जिला परिषद और 125 पंचायत समितियों के लिए 7 फरवरी को होगा मतदान

Maharashtra Zilla Parishad Election: महाराष्ट्र की 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के लिए कल मतदान होगा। अजित पवार के निधन के बाद बदले चुनावी समीकरणों और शोक के बीच जनता अपना फैसला सुनाएगी।
Maharashtra Zilla Parishad Election Voting Date
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Maharashtra Zilla Parishad Election Voting Date: महाराष्ट्र की स्थानीय राजनीति के लिए कल यानी शनिवार, 7 फरवरी का दिन बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है। राज्य की 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के लिए होने वाले चुनावों का शोर गुरुवार रात 10 बजे आधिकारिक तौर पर थम गया। अब सबकी नजरें कल होने वाले मतदान और 9 फरवरी को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।

इन जिलों में होगी वोटिंग

  • कोंकण: रायगड, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग
  • पश्चिम महाराष्ट्र: पुणे, सतारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर
  • मराठवाड़ा: छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर

अजित पवार के निधन से बदला चुनावी माहौल

ये चुनाव पहले 5 जनवरी को होने थे, लेकिन 28 जनवरी को हुए एक दर्दनाक विमान हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया। बारामती में चुनाव प्रचार के लिए जाते समय पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दिग्गज नेता अजित पवार का निधन हो गया। इस दुखद घटना के कारण राज्य में घोषित राजकीय शोक को देखते हुए चुनाव आयोग ने तारीखों को दो दिन आगे बढ़ा दिया था।

प्रचार से दूर रहे दिग्गज नेता

अजित दादा के निधन के चलते इस बार चुनावी रैलियों में वह चमक-धमक नजर नहीं आई जो अमूमन महाराष्ट्र के चुनावों में दिखती है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, शरद पवार, उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे जैसे दिग्गजों ने शोक स्वरूप खुद को बड़े प्रचार अभियानों से दूर रखा। पवार परिवार का कोई भी सदस्य इस बार मैदान में प्रचार करते नहीं दिखा। एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने भावुक अपील करते हुए मतदाताओं से दिवंगत नेता के विचारों को समर्थन देने का आग्रह किया है।

मतदान का समय और वोटों की गिनती

मतदान शनिवार सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगा। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। वोटों की गिनती 9 फरवरी (सोमवार) को सुबह 10 बजे से शुरू होगी, जिसके बाद स्पष्ट होगा कि ग्रामीण महाराष्ट्र की कमान किसके हाथों में जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com