ऑनर किलिंग की वारदात से दहला भंडारा, सुपारी देकर दामाद को उतारा मौत के घाट, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका

Bhandara Honor Killing: भंडारा के बेटाला गांव में ऑनर किलिंग। अंतरजातीय विवाह से नाराज ससुराल पक्ष ने दामाद आकाश शेंडे की हत्या की। सास और साले समेत 5 आरोपी गिरफ्तार।
Honor killing in Betala village, Bhandara: The in-laws, angered by an inter-caste marriage, murdered their son-in-law, Akash Shende. Five accused, including the mother-in-law and brother-in-law, have been arrested.
मृतक आकाश शेंडे (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Akash Shende Murder: भंडारा जिले में एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज ससुराल पक्ष ने अपने ही दामाद की निर्मम हत्या कर दी। तहसील के बेटाला गांव में 25 वर्षीय युवक की ऑनर किलिंग का मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने इस मामले में सास, साला समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक युवक का नाम बेटाला निवासी आकाश शेंडे (25) है।

पुलिस के अनुसार, आकाश ने गांव की ही एक युवती से परिवार की मर्जी के खिलाफ अंतरजातीय विवाह किया था। इसी बात से नाराज होकर युवती की मां और भाई ने हत्या की साजिश रची और गांव के अन्य युवकों की मदद से इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अंजू रमेश कुंभलकर (मां), चेतन रमेश कुंभलकर (भाई), भारत कुंभलकर (27), महेंद्र बकाराम बोरकर (31) और दिनेश उर्फ सचिन मोहन ईश्वरकर (37) को गिरफ्तार किया है।

मोहाडी पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आकाश शेंडे और गांव की ही एक युवती के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन जातिगत कारणों से युवती का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था।

इसके बावजूद 6 जनवरी को दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह कर लिया। इस विवाह से नाराज युवती की मां अंजू और भाई चेतन कुंभलकर ने आकाश की हत्या की साजिश रची। उन्होंने गांव के भारत कुंभलकर को हत्या की सुपारी दी। इसके बाद भारत ने महेंद्र बोरकर और दिनेश उर्फ सचिन ईश्वरकर को साथ लिया।

क्रूरता करने से पहले घर पर बुलाया

25 जनवरी को आरोपियों ने आकाश को घर बुलाया वह मिलने गया लेकिन वापस नहीं लौटा। देर रात तक आकाश के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन 26 जनवरी को उसका शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ।

शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए जिससे स्पष्ट होता है कि हत्या अत्यंत क्रूरता और सुनियोजित तरीके से कन गई। सूचना मिलते ही मोहाडी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूरे गांव में फैला तनाव, पुलिस दल की तैनाती

घटना के बाद बेटाला गांव में आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया है। स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बंदोबस्त तैनात किया गया है। इस मामले की जांच पुलिस निरीक्षक सुरेंद्र बेलतोडे और पुलिस उपनिरीक्षक राहुल चौधरी कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में नांदेड़ जिले में भी अंतरजातीय विवाह के चलते एक युवक की हत्या हुई थी, जिससे राज्यभर में आक्रोश फैल गया था। भंडारा में हुई यह घटना एक बार फिर समाज में गहरी जड़ें जमाए जातिगत भेदभाव और अमानवीय मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com