
Maharashtra Religious Conversion:अमरावती में धर्मांतरण (सोर्सः सोशल मीडिया)
Amravati Priest Arrest: महाराष्ट्र के अमरावती जिले की पुलिस ने लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए पैसे देने की पेशकश करके धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में आठ लोगों को बुधवार को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में केरल निवासी एक पादरी और चार महिलाएं शामिल हैं। अमरावती से 80 किलोमीटर दूर वरुड के निवासी लक्ष्मण शेडे ने मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि पांच-छह लोग 30 दिसंबर को स्थानीय निवासी रीतेश बोंडरे के घर आए और उनके घर के सामने पंडाल लगा दिया। सफेद कपड़े पहने एक व्यक्ति गांव के लोगों को ईसाई धर्म के बारे में उपदेश देने लगा और धर्मांतरण के लिए पैसे का लालच दिया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान बोंडरे, आनंदकुमार कर्री, सुधीर विलियम, विक्रम सांडे और चार महिलाओं के रूप में की। केरल का निवासी विलियम एक पादरी है। पुलिस ने सभी आठ आरोपियों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया, जिसने उन्हें जमानत दे दी। आरोपियों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने समेत भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
ये भी पढ़े: टाइगर रिजर्व्स हाउसफुल! विदर्भ के जंगलों में 3000 से अधिक सैलानी करेंगे बाघों का दीदार
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह घटना ध्रुवीकरण को बढ़ावा देने और अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने के चिंताजनक चलन को उजागर करती है और संवैधानिक स्वतंत्रता को नुकसान पहुंचाती है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)






