शेयर मार्केट ठगी का आरोपी कोल्हापुर से गिरफ्तार, अमरावती साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share Market Fraud: ऑनलाइन शेयर मार्केट ठगी में 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी कोल्हापुर से गिरफ्तार हुआ है। साइबर पुलिस की कार्रवाई, राशि रिकवरी जारी, गिरोह की तलाश तेज कर दी है।
शेयर मार्केट ठगी का आरोपी कोल्हापुर से गिरफ्तार
शेयर मार्केट ठगी का आरोपी कोल्हापुर से गिरफ्तार (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Amravati Cyber Police Action: ऑनलाइन शेयर मार्केट में भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 70 लाख 6 हजार 047 रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को साइबर पुलिस ने कोल्हापुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम कुलदीप अशोक सावरतकर (40), निवासी अहिल्याबाई होलकर नगर, फुलेवाड़ी रोड, कोल्हापुर है। इस प्रकरण में 11 लाख 7 हजार रुपये होल्ड किए गए हैं, जिनमें से 1 लाख 90 हजार रुपये शिकायतकर्ता को वापस कर दिए गए हैं। शेष राशि की वसूली के लिए न्यायालयीन प्रक्रिया जारी है।

शिकायतकर्ता को 6 अगस्त को एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर QIB, ब्लॉक ट्रेडिंग, IPO और OTC ट्रेडिंग के नाम पर बड़ा मुनाफा मिलने का लालच दिया गया था। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम को आरोपी ने अपने ICICI बैंक खाते में जमा कर कई अन्य खातों में ट्रांसफर किया था। आरोपी के खाते में जमा 5 लाख रुपये पर ‘लियन मार्क’ लगा दिया गया है।

आरोपी को न्यायिक हिरासत में

एपीआई अनिकेत कासार के नेतृत्व में विशाल यादव, अश्विन यादव और अनिकेत वानखड़े की टीम कोल्हापुर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर अमरावती लाई। पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य सह-अपराधियों की तलाश जारी है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त अरविंद चावरिया, उपायुक्त शाम घुगे, उपायुक्त गणेश शिंदे, उपायुक्त रमेश धुमाल, एवं सहायक पुलिस आयुक्त शिवाजी बचाटे के मार्गदर्शन में, पुलिस निरीक्षक महेंद्र अंभोरे के नेतृत्व में की गई।

धोखाधड़ी से बचें

ऑनलाइन शेयर मार्केट, निवेश या ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा देने का झांसा देने वाले किसी भी अज्ञात ऐप, वेबसाइट या प्लेटफ़ॉर्म पर भरोसा न करें। किसी भी संदेह की स्थिति में नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर पुलिस स्टेशन से तुरंत संपर्क करें। साइबर पुलिस ने अपील की ।

Navbharat Live
navbharatlive.com