
भाजपा और शिंदे सेना (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Shinde Sena seat demand: अमरावती मनपा चुनाव को लेकर भाजपा तथा शिंदे सेना के नेताओं के बीच चर्चा हुई। शिंदे सेना ने 30 से 35 सीटें देने के लिए दबाव बनाया है। इस पर भाजपा द्वारा चर्चा कर आगामी 1-2 दिनों में आगे की बातचीत करने की बात कही गई है।
स्थानीय एक होटल में हुई बैठक में भाजपा की ओर से पार्टी के निरीक्षक विधायक संजय कुटे, पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे, शहर अध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे, जयंत डेहनकर, शिवराय कुलकर्णी, किरण पातुरकर मौजूद थे। वहीं शिंदे सेना की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा नेता आनंदराव अडसूल, पूर्व मंत्री जगदीश गुप्ता, पूर्व विधायक ज्ञानेश्वर धाने पाटिल, प्रीति बंड व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस चर्चा को लेकर आनंदराव अडसूल ने बैठक में कहा कि सभी प्रभागनिहाय चर्चा की गई है। जिस प्रभाग में जिस पार्टी का प्रभाव है, उसी पार्टी के प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारने की बात कही गई।
वहीं भाजपा निरीक्षक संजय कुटे ने बताया कि राज्य में भाजपा तथा शिंदे सेना के बीच युति तय होने को लेकर निर्णय लिया गया है। स्थानीय स्तर पर युवा स्वाभिमान पार्टी को भी शामिल किया जाएगा। युवा स्वाभिमान से चर्चा अंतिम दौर में है। अब दोनों पार्टियों की ओर से दिए गए प्रस्तावों पर भाजपा कोर कमेटी चर्चा कर निर्णय लेगी।
गत मनपा चुनाव में भाजपा को 45, शिवसेना को 7 तथा युवा स्वाभिमान को 3 सीटें प्राप्त हुई थीं। इस पर पूर्व मंत्री जगदीश गुप्ता ने कहा कि गत चुनाव और इस बार के चुनाव की परिस्थितियों में जमीन-आसमान का बदलाव आ गया है। भाजपा ने गत मनपा चुनाव पूर्व मंत्री डॉ. सुनील देशमुख के नेतृत्व में लड़ा था, जो अब कांग्रेस में चले गए हैं। वहीं वे स्वयं भाजपा छोड़कर शिंदे सेना में शामिल हो गए हैं।
यह भी पढ़ें – चॉकलेट दिया, चाकू दिखाया, साकोली में काले मास्क पहने गुंडों का आतंक, स्कूली लड़कियों को बनाया निशाना
गत मनपा चुनाव में शिवसेना के जो 7 उम्मीदवार चुनकर आए थे, उनमें से 6 अब शिंदे सेना में हैं। इसी तरह हिंदुत्व के जनाधार वाले बालासाहेब को मानने वाले अधिकांश कार्यकर्ता अब शिंदे सेना में हैं तथा राज्य में इसका अच्छा जनाधार भी है। उनके मुताबिक यदि मनपा पर झंडा फहराना है तो सम्मानजनक सीटें मिलने पर ही युति की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार आगामी 1-2 दिनों में युति को लेकर विलंब हो सकता है। फिलहाल दोनों ओर से चर्चा का दौर और दबाव की राजनीति जारी है। फिर भी जानकारी के अनुसार भाजपा अपनी 45 प्लस सीटों को लेकर मन बना चुकी है। आगामी कुछ दिनों में स्थिति स्पष्ट होगी।






