अमरावती का अगला मेयर कौन? सर्वसाधारण आरक्षण के बाद BJP की महिला मेयर की चर्चा तेज, रवि राणा भी लगा रहे जोर

Amravati News: अमरावती महानगरपालिका का महापौर पद सर्वसाधारण वर्ग के लिए घोषित हुआ है। भाजपा-युवा स्वाभिमान पार्टी गठबंधन के खाते में महापौर जाना तय माना जा रहा है, महिला महापौर की संभावना प्रबल है।
अमरावती महानगरपालिका का महापौर पद सर्वसाधारण वर्ग के लिए घोषित हुआ है। भाजपा-युवा स्वाभिमान पार्टी गठबंधन के खाते में महापौर जाना तय माना जा रहा है, महिला महापौर की संभावना प्रबल है।
सीएम देवेंद फडणवीस व रवि राणा (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Amravati Mayor Election: सरकार द्वारा रोस्टर पद्धति से अमरावती महानगरपालिका का आगामी महापौर सर्वसामान्य गट से घोषित हुआ। इस मुताबिक मनपा के 87 पार्षदों में से कोई भी महापौर बनने के लिए पात्र है। अब आगामी महापौर कौन होगा, इस पर सभी की नजरें लगी हैं। वैसे तो अमरावती का महापौर भाजपा और रवि राणा की राष्ट्रीय युवा स्वाभिमान पार्टी गठबंधन का होना लगभग तय है।

इस बार भाजपा के 25 में से 17 महिला उम्मीदवार चुनी गई हैं। इनमें कई दूसरी और तीसरी बार विजय प्राप्त कर चुकी हैं। इनमें उच्च विद्या संपन्न व अनुभवी पार्षद हैं। साथ ही यह महापौर के लिए सशक्त विकल्प है। इसके चलते संभावना है कि इस बार भाजपा की महिला महापौर बन सकती हैं। यह सत्ताधारी पक्ष के लिए असंभव नहीं है। अब इसमें किसका भाग्य चमकता है, यह आगामी कुछ दिनों में स्पष्ट हो जाएगा। शनिवार को जिले के पालकमंत्री शहर में आ रहे हैं। इस दौरान चर्चा होने की संभावना है।

टिकट वितरण और गठबंधन को लेकर रहा संभ्रम का माहौल

अमरावती मनपा चुनाव में भाजपा को 25 और राष्ट्रीय युवा स्वाभिमान पार्टी के 15 प्रत्याशी चुनकर आए हैं। महापौर के लिए आवश्यक 44 वोट के लिए सबसे करीब भाजपा है। चुनाव के दौरान टिकट वितरण और भाजपा-राष्ट्रीय युवा स्वाभिमान पार्टी के गठबंधन को लेकर काफी संभ्रम का माहौल रहा। कोर कमेटी पर तरह-तरह के आरोप लगे। इस सब के चलते भाजपा को कम सीटें आने का आरोप भाजपा पदाधिकारी लगा रहे हैं। वहीं रवि राणा लगातार अपने उम्मीदवार को जीताने के लिए अंतिम समय तक हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। इससे गत मनपा चुनाव में युवा स्वाभिमान पार्टी 3 की जगह 15 तक पहुंच गई। रवि राणा ने स्पष्ट कहा है कि गठबंधन के तहत महापौर भाजपा का ही होगा। इधर भाजपा की पूर्व सांसद नवनीत राणा भी चुनाव में काफी सक्रिय रहीं। लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में उन्हें पराजित करने वालों के खिलाफ उन्होंने उनके उम्मीदवारों के मंच पर पराजित करने की अपील की थी। इससे काफी विवाद बढ़ गया।

सोशल मीडिया पर ड्रा का वीडियो वायरल

गुरुवार सुबह सोशल मीडिया के माध्यम से सर्वसाधारण महिला का ड्रा निकलने का वीडियो वायरल हुआ। इसके चलते भाजपा की कुछ महिला पार्षदों के यहां ढोल-ताशे और पटाखे फोड़े गए। लेकिन इसके बाद अधिकृत तौर पर सर्वसाधारण के लिए ड्रा निकलने के बाद इस पर विराम लग गया।

अमरावती के अब तक के महापौर

क्रमांक महापौर का नाम कार्यभार ग्रहण तिथि
1 डॉ. देवीसिंह शेखावत 10 मार्च 1992
2 प्रभाकर सव्वालाखे 30 मार्च 1993
3 गोविंद अग्रवाल 20 मार्च 1994
4 विद्या देशपांडे 20 मार्च 1995
5 किरण महल्ले 9 मार्च 1996
6 प्रवीण आप्पा काशीकर 10 मार्च 1997
7 नितिन वानखडे 20 मार्च 1998
8 विलास इंगोले 19 मार्च 1999
9 दीपाली गवली 9 मार्च 2002
10 मिलिंद चिमोटे 18 फरवरी 2005
11 अशोक डोंगरे 9 मार्च 2007
12 एड. किशोर शेलके 1 दिसंबर 2009
13 वंदना कंगाले 9 मार्च 2012
14 चरणजितकौर नंदा 9 सितंबर 2014
15 संजय नरवणे 9 मार्च 2017
16 चेतन गावंडे 22 नवंबर 2019
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com