

Daylight Kidnapping In Morena: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में दिनदहाड़े युवक के अपहरण और उस पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में तीन से चार बदमाश एक युवक को जबरन कार में बैठाकर ले गए और उसके साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की। कुछ देर बाद युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में टंच रोड पर पड़ा मिला। उसके पैर में गोली लगने जैसे निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के लालौर रेलवे फाटक के पास की है। पिपरसा गांव निवासी 33 वर्षीय राजेश शर्मा, जो वर्तमान में लालौर चौराहा पर रहते हैं, मंगलवार दोपहर रेलवे फाटक के पास मौजूद थे। इसी दौरान तीन से चार युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर उन्हें जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को हस्तक्षेप का मौका नहीं मिला।
आरोप है कि अपहरण के बाद बदमाशों ने राजेश शर्मा के साथ बेरहमी से मारपीट की और गंभीर रूप से घायल हालत में उन्हें टंच रोड पर फेंककर फरार हो गए। राहगीरों ने घायल युवक को देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों को युवक के पैर में गोली लगने जैसा घाव दिखाई दिया, जिसके बाद गन पाउडर की मौजूदगी की पुष्टि के लिए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस के मुताबिक घायल युवक की हालत गंभीर होने के कारण वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि बयान दर्ज होने के बाद आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ अपहरण, मारपीट और यदि गोली चलने की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जा रही है।
https://youtu.be/WeWG-PZkId0?si=sCQL7j3M1npvDNkQ