MP के दतिया में 400 साल पुरानी दीवार भरभरा कर गिरी, एक ही परिवार के 5 लोगों सहित 7 की मौत

मध्य प्रदेश के दतिया शहर में भारी बारिश के कारण आज एक मकान से सटी पुरानी दीवार गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। इस किले की इमारत काफी पुरानी है और इसे ‘राजगढ़ का किला’ के नाम से जाना जाता है।
मध्य प्रदेश के दतिया में 400 साल पुरानी दीवार भरभरा कर गिरी, एक ही परिवार के 5 लोगों सहित 7 की मौत
(डिज़ाइन फोटो)
Published on
Updated on

दतिया : मध्य प्रदेश के दतिया शहर में भारी बारिश के कारण आज एक मकान से सटी पुरानी दीवार गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। खबर है कि दतिया में राजगढ़ किले के नीचे के हिस्से वाली 4 सौ साल पुरानी दीवार ढही है। मृतकों में एक ही परिवार के 5 सदस्य शामिल हैं। अन्य दो लोग परिवार के मुखिया की बहन और बहनोई हैं।

घटना रात करीब चार बजे खालकापुरा इलाके में हुई बताई जा रही है । किले की दीवार से सटे घर की दीवार उसके ऊपर गिर गई, जिससे नौ लोग मलबे में दब गए। दतिया के कलेक्टर संदीप माकिन ने बताया कि सात लोगों की मौत हो गई और दो अन्य को बचा लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार राजगढ़ किले की दीवार आज गुरुवार तड़के अचानक गिर गई। इस दीवार के गिरने से कम से कम नौ लोग दब गए। आस-पास के लोगों ने दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

वहीं सूचना मिलने के बाद बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा। इस किले की इमारत काफी पुरानी है और इसे ‘राजगढ़ का किला’ के नाम से जाना जाता है। बीते कई सालों से यह इमारत बहुत ही खराब अवस्था में थी। हालांकि लोगों ने रेस्क्यू की गति धीमी होने का आरोप लगाकर सुबह करीब 8 बजे मौके पर हंगामा कर दिया। इन लोगों का कहना था कि मलबा हटाने में लापरवाही बरती जा रही है। पुलिस ने उन्हें जैसे तैसे शांत करवाया।

घटना पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए पीड़ितों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने घटना के संबंध में दतिया के जिला कलेक्टर वीरेंद्र कुमार मिश्रा और SP संदीप माकन से बात की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com