जमशेदपुर से राहुल गांधी का ऐलान, कहा- हम झारखंडवासियों के खाते में डालेंगे वही पैसा जो मोदी सरकार अरबपतियों को देती है

राहुल गांधी ने अपने भाषण में मोदी सरकार की नीतियों, जैसे जीएसटी, नोटबंदी और किसानों के खिलाफ फैसलों की आलोचना करते हुए दावा किया कि इन नीतियों से गरीब और किसान प्रभावित हो रहे हैं, जबकि बड़े उद्योगपतियों को लाभ मिल रहा है।
जमशेदपुर से राहुल गांधी का ऐलान, कहा- हम झारखंडवासियों के खाते में डालेंगे वही पैसा जो मोदी सरकार अरबपतियों को देती है
राहुल गांधी (फोटो सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा चुनाव प्रचार के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार 9 नवंबर को गांधी मैदान में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जमशेदपुर पश्चिमी और पूर्वी विधानसभा सीटों से कांग्रेस के उम्मीदवार बन्ना गुप्ता और डॉ. अजय कुमार के पक्ष में वोट मांगे और भाजपा व मोदी सरकार की नीतियों पर कड़ा हमला किया।

राहुल गांधी ने अपने भाषण में संविधान की रक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए कहा, "भारतीय जनता पार्टी संविधान को समाप्त करना चाहती है। हम कहते हैं, संविधान को बचाना है, क्योंकि यही हिंदुस्तान का संविधान है, जो गरीबों और आम जनता की रक्षा करता है। भाजपा की सोच नफरत, हिंसा और अहंकार से भरी हुई है, जबकि हम मोहब्बत, भाईचारे और इज्जत की बात करते हैं।"

उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर आरोप लगाया कि वे भारत को धर्म, जाति और भाषा के आधार पर बांटने का काम कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से देश को जोड़ने की दिशा में काम करती रही है, और अब भी यही उनकी प्राथमिकता है। "हमने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान देशभर में एकता का संदेश दिया और हम इसे आगे भी जारी रखेंगे," राहुल ने कहा।

राहुल गांधी ने अपने भाषण में मोदी सरकार की नीतियों, जैसे जीएसटी, नोटबंदी और किसानों के खिलाफ फैसलों की आलोचना करते हुए दावा किया कि इन नीतियों से गरीब और किसान प्रभावित हो रहे हैं, जबकि बड़े उद्योगपतियों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने इंडिया गठबंधन के झारखंड में आने के बाद राज्य की महिलाओं, किसानों और गरीबों के लिए कई योजनाओं का ऐलान भी किया। इनमें महिलाओं को 2500 रुपये मासिक सहायता, गैस सिलेंडर की कीमत में कमी, स्वास्थ्य बीमा योजना और किसानों के लिए धान की कीमत में वृद्धि जैसे कदम शामिल हैं।

सभा के दौरान जब गांधी मैदान के पास स्थित बारी मस्जिद में अजान की आवाज सुनाई दी, तो राहुल गांधी ने अपना भाषण रोक दिया और कहा, "हम चाहते हैं कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलें।" उन्होंने यह भी कहा कि नफरत को नफरत से नहीं, बल्कि मोहब्बत से ही खत्म किया जा सकता है, और वे इस संघर्ष में लगातार लगे रहेंगे। राहुल गांधी ने अंत में यह भी कहा कि उनका और कांग्रेस पार्टी का दरवाजा सभी के लिए खुला है, और वे संविधान की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। "हम मिलकर हिंदुस्तान को एकजुट करेंगे," उन्होंने कहा।