'एक अनार सौ बीमार', ठाकरे-कांग्रेस या पवार? राज्यसभा के लिए सबके अपने-अपने उम्मीदवार, देखें पूरी लिस्ट

Maharashtra Rajya Sabha Election Candidate: महाराष्ट्र राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए मविआ में खींचतान। एक सीट के लिए शिवसेना (UBT), कांग्रेस और राकां (SP) के बीच दावेदारी का संघर्ष तेज।
Maharashtra Rajya Sabha Election Candidate List
Maharashtra Rajya Sabha Election Candidate List (फोटो क्रेडिट-X)
Published on
Updated on

MVA Seat Sharing Conflict For RS Election: महाराष्ट्र में राज्यसभा की 7 सीटों के लिए होने वाले चुनाव ने महाविकास आघाड़ी (मविआ) के भीतर 'एक अनार सौ बीमार' जैसी स्थिति पैदा कर दी है। गठबंधन के पास मौजूद संख्या बल के अनुसार, मविआ केवल एक ही सीट सुरक्षित रूप से जीत सकती है, लेकिन इस इकलौती सीट के लिए शिवसेना (UBT), कांग्रेस और राकां (SP) के बीच जबरदस्त खींचतान मची हुई है।

जहाँ शिवसेना (UBT) अपने 20 विधायकों के दम पर सीट मांग रही है, वहीं कांग्रेस अपनी राष्ट्रीय पार्टी की साख का हवाला दे रही है। इस बीच, शरद पवार की उम्मीदवारी को लेकर बना सस्पेंस गठबंधन की गुत्थी को और उलझा रहा है।

ठाकरे गुट में आंतरिक घमासान: प्रियंका बनाम दिग्गज

शिवसेना (UBT) के भीतर राज्यसभा चुनाव की उम्मीदवारी को लेकर कड़ी प्रतिस्पर्धा है। सांसद प्रियंका चतुर्वेदी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है और आदित्य ठाकरे उन्हें दोबारा भेजने के पक्ष में हैं। हालांकि, पार्टी के पुराने दिग्गजों में नाराजगी देखी जा रही है। अंबादास दानवे, चंद्रकांत खैरे, विनायक राउत और राजन विचारे जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम भी रेस में हैं। हाल ही में हुई मविआ की बैठक का आदित्य ठाकरे द्वारा कथित बहिष्कार इस बात का संकेत है कि शिवसेना (UBT) इस सीट को आसानी से छोड़ने के मूड में नहीं है।

शरद पवार की भूमिका और कांग्रेस का 'मास्टरस्ट्रोक'

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) के प्रमुख शरद पवार का कार्यकाल भी अप्रैल 2026 में समाप्त हो रहा है। जयंत पाटिल और शशिकांत शिंदे जैसे नेता चाहते हैं कि पवार साहब ही दोबारा राज्यसभा जाएं। यदि शरद पवार लड़ने का फैसला करते हैं, तो पूरा गठबंधन उनके नाम पर सहमत हो सकता है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने अपनी रणनीति के तहत बालासाहेब थोरात का नाम आगे बढ़ाया है। कांग्रेस का प्रस्ताव है कि वे उद्धव ठाकरे को विधान परिषद (MLC) भेजने में मदद करेंगे, बशर्ते राज्यसभा की सीट कांग्रेस के खाते में आए।

संख्या बल और 38 वोटों का गणित

महाराष्ट्र विधानसभा के वर्तमान समीकरणों के अनुसार, एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 38 प्रथम वरीयता के वोटों की आवश्यकता है। मविआ के पास कुल 46 विधायक हैं (UBT: 20, कांग्रेस: 16, राकां SP: 10)। इस संख्या बल के साथ वे एक सीट आसानी से जीत सकते हैं, लेकिन दूसरी सीट के लिए उनके पास पर्याप्त वोट नहीं हैं। यही कारण है कि तीनों दल इस इकलौती सीट पर अपना कब्जा जमाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 मार्च है, जिससे पहले मविआ को इस 'त्रिकोणीय' संघर्ष का समाधान ढूंढना होगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com