नागपुर मनपा में हलचल: 2 मार्च को स्थायी और परिवहन समिति के सभापति का होगा चुनाव, जानें पूरी प्रक्रिया

NMC Election 2026: नागपुर महानगरपालिका में स्थायी और परिवहन समिति के सभापति पद के लिए चुनाव की घोषणा हो गई है। 2 मार्च को मुख्यालय में विशेष सभा के जरिए नई कमान सौंपी जाएगी।
Nagpur NMC Standing and Transport Committee Chairman Election March 2026
नागपुर महानगरपालिका (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

NMC Chairman Election 2026: नागपुर महानगरपालिका में विभिन्न पदों पर पार्षदों का नाम तय करने के लिए भले ही भारतीय जनता पार्टी को लगभग डेढ़ माह का समय लग गया हो किंतु अब तमाम पदों को लेकर सदस्यों के नाम तय होने से सभापति के लिए चुनाव की तैयारियों ने गति पकड़ी है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मंगलवार को तमाम समितियों के सदस्यों की घोषणा के दूसरे ही दिन सभापति के चुनाव को लेकर प्रशासन द्वारा सूचना जारी कर दी गई है।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 2 मार्च को जहां स्थायी समिति के सभापति का चुनाव होगा वहीं दूसरी महत्वपूर्ण परिवहन समिति का सभापति भी चुना जाएगा। इन दोनों सभापति के चुनाव के लिए महानगरपालिका के मुख्यालय स्थित सभागृह में ही अलग-अलग प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

अन्य समितियों की केवल खानापूर्ति

बताया जाता है कि महानगरपालिका के कानून के अनुसार स्थायी समिति और परिवहन समिति को अलग अधिकार प्राप्त है। यहां तक कि सभापति को वित्तिय अधिकार भी है। संवैधानिक पद होने के कारण इन दोनों समितियों के सभापति के लिए बकायदा चुनाव कराना अनिवार्य होता है। जिसके लिए विभागीय आयुक्तालय को सूचना देकर चुनाव की प्रक्रिया को पूरा करना होता है। आश्चर्यजनक यह है कि इस प्रक्रिया को पूरी करने के लिए नागपुर मनपा प्रशासन ने गजब की तेजी दिखाई है। यही कारण है कि मनपा की विशेष सभा में सदस्यों के नामों की घोषणा होते ही दूसरे दिन चुनाव की सूचना जारी की गई, जबकि अन्य विषय समितियों के सभापति के चुनाव की केवल खानापूर्ति भर बची हुई है।

एक वर्ष का होगा कार्यकाल

नागपुर महानगरपालिका में स्थायी समिति के वर्ष 2026-2027 के लिए नए सभापति का चुनाव 2 मार्च 2026 को होगा जिसके लिए मनपा सचिव द्वारा 25 फरवरी 2026 को जारी एक आधिकारिक नोटिस के अनुसार, इस पद के लिए चयन प्रक्रिया को संपन्न करने हेतु एक विशेष सभा बुलाई गई है। यह बैठक दोपहर 2 बजे सिविल लाइंस स्थित डॉ. पंजाबराव देशमुख स्मृति स्थायी समिति सभागार में आयोजित की जाएगी। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया उसी दिन कुछ ही घंटों के भीतर पूरी कर ली जाएगी। स्थायी समिति सभापति के चुनाव की प्रक्रिया के बाद इसी स्थान पर परिवहन समिति सभापति के चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम

  • नामांकन : इच्छुक उम्मीदवार दोपहर 1.30 से 2 बजे तक अपने नामांकन पत्र निगम सचिव के पास जमा कर सकेंगे।
  • छानबीन : प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच (छानबीन) दोपहर 2 से 2.05 बजे तक की जाएगी। नाम वापसी : उम्मीदवारों को अपना नाम वापस लेने के लिए दोपहर 2.05 से 2.20 बजे तक का समय दिया जाएगा।
  • परिणाम : उम्मीदवारों की अंतिम सूची की घोषणा दोपहर 2.20 बजे की जाएगी जिसके बाद मतदान (यदि आवश्यक हो) और चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी।
Navbharat Live
navbharatlive.com