झारखंड चुनाव 2024: जमशेदपुर के रोडशो में उमड़ा जनसैलाब, अमित शाह ने बीजेपी की जीत का किया दावा

रोड शो के दौरान अमित शाह के साथ गाड़ी में जमशेदपुर पूर्वी से बीजेपी की प्रत्याशी पूर्णिमा साहु और एनडीए की सहयोगी पार्टी जदयू के जमशेदपुर पश्चिमी से प्रत्याशी सरयू राय भी मौजूद थे।
झारखंड चुनाव 2024: जमशेदपुर के रोडशो में उमड़ा जनसैलाब, अमित शाह ने बीजेपी की जीत का किया दावा
अमित शाह (फोटो सोर्स - वीडियो)
Published on: 
Updated on: 

जमशेदपुर : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार 9 नवंबर को झारखंड के लौहनगरी जमशेदपुर में एक भव्य रोड शो किया। इस दौरान शहर में उमड़ी भीड़ को देखकर वे काफी उत्साहित नजर आए। अमित शाह ने रोड शो के बाद सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि जमशेदपुर में जनसमर्थन और जनता का जो उत्साह दिख रहा है, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि झारखंड में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है।

रोड शो के दौरान अमित शाह के साथ गाड़ी में जमशेदपुर पूर्वी से बीजेपी की प्रत्याशी पूर्णिमा साहु और एनडीए की सहयोगी पार्टी जदयू के जमशेदपुर पश्चिमी से प्रत्याशी सरयू राय भी मौजूद थे। शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए उनका काफिला जब गुजर रहा था, तो हर दिशा से लोगों का जनसैलाब सड़क किनारे खड़ा नजर आया। अमित शाह ने इस दौरान लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया और उनका धन्यवाद दिया।

यहां देखिए वीडियो 

अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा, “यह जो जनसमर्थन है, यह झारखंड की जनता की आवाज है। लोग बीजेपी की नीतियों से जुड़कर हमारे साथ खड़े हुए हैं। यह इस बात का संकेत है कि आगामी विधानसभा चुनाव में झारखंड में बीजेपी की सरकार बनेगी और राज्य में विकास का नया दौर शुरू होगा।”

इस रोड शो से पहले, अमित शाह ने झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के सिलसिले में राज्य के विभिन्न हिस्सों में कई चुनावी सभाएं भी कीं। उन्होंने पलामू जिले के छतरपुर, हजारीबाग और पूर्वी सिंहभूम के पोटका में रैली की और बीजेपी के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट देने की अपील की।

अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा, “झारखंड के विकास के लिए बीजेपी को सत्ता में लाना बेहद जरूरी है। अगर हमारी सरकार बनती है, तो हम राज्य से घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर करेंगे और राज्य को सुरक्षित बनाएंगे।” उन्होंने झारखंडवासियों से आग्रह किया कि वे बीजेपी को वोट देकर राज्य में विकास और सुरक्षा सुनिश्चित करें। अमित शाह के रोड शो और चुनावी सभाओं के दौरान पूरे राज्य में बीजेपी के पक्ष में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा, जिससे पार्टी के समर्थकों में भारी जोश देखने को मिला।