ऑपरेशन सिंदूर 'फेल'...संजय राउत बोले- इसकी जरूरत क्यों पड़ी, अमित शाह हैं जिम्मेदार-VIDEO

संजय राउत ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर एक फेल ऑपरेशन है, लेकिन देश के हित में हम विपक्षी नेता इस पर ज्यादा बात नहीं करना चाहते। दूसरी बात यह है कि ऑपरेशन सिंदूर करने की जरूरत क्यों पड़ी।
ऑपरेशन सिंदूर 'फेल'...संजय राउत बोले- इसकी जरूरत क्यों पड़ी, अमित शाह हैं जिम्मेदार-VIDEO
संजय राउत (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: विपक्षी गठबंधन INDIA के सहयोगी शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने पाकिस्तान में आतंकवाद के खिलाफ सेना के ऑपरेशन सिंदूर को 'फेल ऑपरेशन' बताया है। उन्होंने एक बार फिर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की है।

मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में संजय राउत ने कहा कि "देखिए, मैंने पहले भी कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर एक फेल ऑपरेशन है, लेकिन देश के हित में हम विपक्षी नेता इस पर ज्यादा बात नहीं करना चाहते। दूसरी बात यह है कि ऑपरेशन सिंदूर करने की जरूरत क्यों पड़ी। इसलिए क्योंकि आतंकियों ने पहलगाम में 26 लोगों की जान ले ली। इसके लिए देश के गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं।"

देखें संजय राउत क्या बोले?

राउत ने कहा कि अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि "इसके प्रायश्चित के लिए अमित शाह जी को पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। नहीं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमित शाह से उनके कर्तव्य में चूक के लिए इस्तीफा लेना चाहिए और उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर देना चाहिए। और ये अमित शाह कल आकर हमें पढ़ा रहे थे। आप जिम्मेदार हैं। ये ऑपरेशन सिंदूर नहीं है, इसने महिलाओं का सिंदूर नष्ट किया है।"

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि "आतंकवादी कहां हैं? क्या वे गुजरात या दाहोद में छिपे हैं? मोदी जी कल गुजरात में थे न? ये लोग उस गांव से बड़ा शोर मचा रहे थे जहां औरंगजेब पैदा हुआ था। आप जिम्मेदार हैं। आपके कारण सिंदूर नष्ट हुआ। इसलिए आपको प्रायश्चित करना चाहिए और इस्तीफा दे देना चाहिए, लेकिन कल आप कहां थे...?"

पहलगाम आतंकी हमले का जवाब था ऑपरेशन सिंदूर

बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमला हुआ था। इस हमले में आतंकियों ने 26 पर्यटकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके जवाब में 7 मई को भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों काे तबाह किया था।