सांकेतिक तस्वीर (सोर्स- IANS)
IMD Weather Update: समूचे भारत में लंबे समय से मानसूनी बारिश का दौर जारी है। लगभग सभी नदियां ऊफान पर हैं और कई राज्य बाढ़ की चपेट में हैं। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने कल यानी सोमवार 18 अगस्त के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है।
मौसम विभाग से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक अब मानसून उत्तर भारत से धीरे-धीरे अपना फोकस दक्षिण की तरफ शिफ्ट कर रहा है। IMD के ताजा अनुमान के मुताबिक सोमवार को मध्य भारत में बहुत भारी बारिश होने वाली है। जिसके चलते कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की मानें तो दक्षिण मध्य भारत में कल भीषण तबाही आने वाली है। आईएमडी सोमवार को छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र के साथ-साथ कोंकण और गोवा में अत्यंत भारी बारिश होने वाली है। जिसके चलते इन राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। और लोगों को बिना जरूरी काम के घरों से न निकलने की सलाह दी गई है।
सोमवार को कई अन्य राज्यों में भी तबाही की बारिश होने वाली है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठावाड़ा और केरल में बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है। इन सभी राज्यों में आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बात करें उत्तर प्रदेश के मौसम की तो यहां पश्चिमी और पूर्वी दोनों ही हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। लोगों को उमस वाली गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि कुछ जिलों में हल्की बारिश का भी अनुमान है। लेकिन यहां किसी भी तरह की चेतावनी नहीं जारी की गई है। बिहार में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: कोंकण तट पर समुद्र में होगी उथल-पुथल, IMD ने जारी किया अलर्ट, जानें महाराष्ट्र के मौसम का हाल
भारती मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भी जोरदार बारिश हो सकती है। इसके साथ ही यहां आकाशी बिजली गिरने की भी संभावना है। जिसके चलते इन राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।