CSK के बाद अब अश्विन ने डेवाल्ड ब्रेविस पर दी सफाई, कहा- मैं तो कॉन्ट्रैक्ट की रकम...

Ashwin Clarifies Controversy: चेन्नई सुपर किंग्स ने डेवाल्ड ब्रेविस को लेकर उठ रहे विवाद पर सफाई दी थी। अब रविचंद्रन अश्विन ने इस मामले पर बात को स्पष्ट करते हुए सफाई दी है।
ASHWIN AND BREVIS
Published on
Updated on

Ashwin Clarifies Controversy Over CSK's Brevis: भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने अपने बयान को स्पष्ट करते हुए सफाई दी है। कुछ दिन पहले अश्विन ने साउथ अफ्रीका के खिलाड़ी डेवाल्ड ब्रेविस के बारे में एक बयान दिया था कि उनकी सेवाओं का लाभ उठाने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स अतिरिक्त भुगतान करने को तैयार थी। जिसके बाद विवाद छिड़ गया।

चेन्नई सुपर किंग्स के सफाई के बाद अब अश्विन ने डेवाल्ड ब्रेविस के साथ करार किये जाने के बारे में अपने बयान को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनकी मुख्य बात बल्लेबाजी के प्रदर्शन को लेकर थी ना कि उस कीमत पर जिस पर उन्हें सीएसके ने शामिल किया है।

अश्विन ने क्या सफाई दी?

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि पुराने वीडियो में मेरा इरादा ब्रेविस की बल्लेबाजी के बारे में बात करना था, ना कि उनके आईपीएल अनुबंध से जुड़ी रकम के बारे में। हमें यह समझना होगा कि आईपीएल में खेलने वाले हर खिलाड़ी का फ्रेंचाइजी और इस लीग के साथ एक अनुबंध होता है। इसके साथ ही फ्रेंचाइजी और आईपीएल के बीच भी बाध्यकारी अनुबंध होता है और अगर कुछ भी असामान्य होता है तो भी इसमें बदलाव नहीं होगा।

विशेष प्रतिभा वाले खिलाड़ी हैं ब्रेविस

अश्विन ने अपनी बात को साबित करने के लिए ब्रेविस को विशेष प्रतिभा वाला खिलाड़ी करार दिया। उन्होंने कहा कि आईपीएल में खिलाड़ियों के चोटिल होने पर उनकी जगह दूसरे खिलाड़ी को लेना बहुत आम है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप नियमों की लचीलता का कैसे इस्तेमाल करते हैं। यही मुख्य बात है। अगर आप चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और दक्षिण अफ्रीका के प्रशंसक हैं तो आपको ब्रेविस को लेकर बहुत उत्साहित होना चाहिए। वह एक खास प्रतिभा के धनी हैं।

CSK ने इस मामले पर दिया सफाई

अश्विन के इस मामले में शुरुआती बयान के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने शनिवार को एक स्पष्टीकरण जारी किया। फ्रेंचाइजी ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के इस बल्लेबाज के साथ करार करने की प्रक्रिया में लीग के नियमों का पूरी तरह से पालन किया गया था। सीएसके ने अप्रैल 2025 में ब्रेविस को चोटिल गुरजपनीत सिंह के स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में 2.2 करोड़ रुपये की लीग फीस पर अनुबंधित किया था। गुरजपनीत सिंह को सऊदी अरब में आयोजित आईपीएल 2025 खिलाड़ी नीलामी में 2.2 करोड़ रुपये की कीमत पर खरीदा गया था।

अश्विन ने फिर अपने पहले के बयान पर स्पष्टीकरण जारी करने की आवश्यकता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आज के समय में सही चीजों को भी स्पष्ट करने की आवश्यकता है। इस मामले में किसी की कोई गलती नहीं है। इस मामले पर स्पष्टीकरण इसलिए आया है क्योंकि बहुत से लोगों को संदेह है। उन्होंने कहा कि सच यह है कि फ्रेंचाइजी , खिलाड़ी और संचालन समिति से कोई गलती नहीं हुई है।

भारत के इस पूर्व स्पिनर ब्रेविस के साथ टीम के अनुबंध को ‘ मास्टरस्ट्रोक ' करार दिया। उन्होंने कहा कि ब्रेविस जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे हैं उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि सीएसके के लिए यह शानदार सौदा है। उन्हें टीम में लाने का फैसला बहुत अच्छा है। वह बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं , वह बड़े छक्के मारते हैं। वह पावर - स्ट्राइकर हैं , स्पिन के खिलाफ एक शानदार हिटर हैं। (भाषा इनपुट के साथ) 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com