मुंबई की तुलसी झील लबालब, भारी बारिश से बढ़ा जलाशयों का जलस्तर, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

Mumbai News: मुंबई और उसके उपनगरों में भारी बारिश के कारण तुलसी झील लबालब हो गई है। इस झील उन सात जलाशयों में शामिल है, जिससे महानगर को पेयजल आपूर्ति की जाती है।
Tulsi lake in Mumbai overflows after heavy rains
तुलसी झील (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Tulsi lake Water Level Increased: मुंबई के कुछ हिस्सों में हुई बारिश के बाद भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को मुंबई और उपनगरों में तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। कई जगहों में जलभराव की स्थिति है। वहीं जलाशयों का जलस्तर भी बढ़ गया है।

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि रात भर हुई भारी बारिश के बाद रविवार सुबह बारिश की तीव्रता कम हो गई। हल्की बारिश और कभी-कभी तेज बौछारें पड़ीं तथा कहीं पर भी भारी जलजमाव की सूचना नहीं मिली।

मुंबई और उसके उपनगरों में भारी बारिश के कारण तुलसी झील लबालब हो गई है। इस झील उन सात जलाशयों में शामिल है, जिससे महानगर को पेयजल आपूर्ति की जाती है। अधिकारी ने बताया कि उपनगरीय मुंबई के संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित तुलसी झील से शनिवार सुबह लगभग पौने सात बजे पानी लबालब भर कर बाहर निकलने लगा।

7 जलाशयों में भंडारण क्षमता का 90 प्रतिशत पानी भरा

बृहन्मुंबई महानगर पालिका के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाले सात जलाशयों में भंडारण क्षमता का 90 प्रतिशत से अधिक पानी भर गया है। तानसा और मोदक सागर बांधों के बाद तुलसी झील तीसरा जलाशय है जो लबालब हो गया है।

अधिकारी ने बताया कि हालांकि इस साल तुलसी झील को लबाबल होने में पिछले साल की तुलना में लगभग 26 दिन अधिक लगे। पिछले साल 20 जुलाई को यह भर गई थी। मुंबई को पेयजल आपूर्ति करने वाले सात जलाशयों में तुलसी सबसे छोटा है और इसकी भंडारण क्षमता 804.6 करोड़ लीटर है। शहर को इस झील से प्रतिदिन 1.8 करोड़ लीटर पानी मिलता है।

बीएमसी के अधिकारी ने कहा कि तुलसी झील के जलग्रहण क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिसके परिणामस्वरूप शनिवार को झील लबालब भर गई। झील का जलस्तर बढ़ गया है।

मुंबई में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान

मध्य रेलवे मार्ग पर लोकल ट्रेन थोड़ी देरी से चल रही थीं, लेकिन अधिकारियों ने देरी का कोई कारण नहीं बताया। अधिकारियों के अनुसार, बेस्ट (बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट) बस सेवा के रूट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

आईएमडी ने रविवार को मुंबई और पड़ोसी ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताते हुए ‘ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कहा कि कभी-कभी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com