Nagpur Weather: कभी तेज धूप तो कभी धुआंधार बारिश, नागपुर पल-पल बदल रहा मौसम

Nagpur Weather Update: नागपुर में पिछले कुछ दिनों से धूप-छांव का खेल चला रहा है। मौसम विभाग ने बारिश की संभावना को देखते हुए विदर्भ के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
Nagpur Weather Sometimes bright sunshine and rain
नागपुर में सड़कों पर भरा पानी (फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Weather News in Hindi: नागपुर में मौसम का अजीबोगरीब मूड बना हुआ है। कभी तेज धूप मई-जून महीने की तरह चुभ रही है तो कभी अचानक धुआंधार बारिश हो रही है। दोपहर तक उमसभरी गर्मी बेहाल कर रही है तो शाम को बारिश मौसम में ठंडकता भर रही है।

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह से मौसम हल्का बदराया रहा फिर तेज धूप निकली और फिर बादल भी बरसे। बेसा, बेलतरोड़ी, घोगली इलाकों में तो शुक्रवार की शाम हुई 1 घंटे की झमाझम बारिश से कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया।

बेसा में तो घरों में पानी घुसने के भय से लोगों ने अपने सामान सुरक्षित करने का जुगाड़ करना शुरू कर लिया था लेकिन 1 घंटे में ही बादल थम गये और लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं शनिवार को भी दोपहर 3.30 बजे के बाद करीब 1 घंटे की हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने सिटी में बीते 33 घंटों यानी शुक्रवार की सुबह 8.30 से शनिवार की शाम 5.30 बजे तक कुल 53.2 मिमी बारिश दर्ज की।

विदर्भ में जारी की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में विदर्भ के जलग्रहण क्षेत्रों और आस-पड़ोस में हल्की से मध्यम बाढ़ के खतरे की आशंका जताई है। अमरावती, बुलढाणा, चंद्रपुर, गड़चिरोली, वर्धा, वाशिम, यवतमाल में लोगों को सतर्क और सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।

22 तक ऐसा ही मौसम

मौसम विभाग ने शनिवार की शाम 5.30 बजे तक नागपुर शहर में 12 मिमी बारिश दर्ज की। उसके पूर्व के 24 घंटों यानी शुक्रवार की सुबह 8.30 से शनिवार की सुबह 8.30 बजे तक सिटी में 41.2 मिमी बारिश दर्ज की थी।

विभाग ने 22 अगस्त तक सिटी का मौसम कुछ इसी तरह का बना रहने की संभावना जताई है। 17 से 20 अगस्त तक रोज ही कुछ स्पैल की बारिश होगी या बौछारें पड़ेंगी। 21 व 22 अगस्त को भी हल्की बारिश हो सकती है।

इस दौरान सिटी का अधिकतम तापमान 29 से 31 डिसे और न्यूनतम तापमान के 24 डिग्री तक बना रहने के संकेत विभाग ने दिये हैं। वहीं जिले के अधिकांश भागों में 17 से 19 अगस्त को बारिश होगी। 20 से 22 अगस्त तक जिले के बहुत से स्थानों पर बारिश की संभावना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com