

Delhi Police : दिल्ली पुलिस ने बुधवार को बताया कि उसने तमिलनाडु से कांग्रेस सांसद आर. सुधा के गले से सोने की चेन छीनने वाले चोर को गिरफ्तार कर लिया है। कांग्रेस सांसद के गले से सोने की चेन छीनने की घटना को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे।
इस घटना पर लोगों का कहना था कि जब एक सांसद के साथ ऐसी घटना हो सकती है, तो आम आदमी की सुरक्षा तो भगवान भरोसे है। अब दिल्ली पुलिस ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और चेन बरामद कर ली गई है।
आपको बता दें कि चाणक्यपुरी एक बेहद हाई प्रोफाइल इलाका है। यहां कई देशों के दूतावास और राज्य सरकारों के आधिकारिक आवास हैं। यही वजह है कि इतने हाई-प्रोफाइल इलाके में चेन स्नैचिंग की घटना ने राष्ट्रीय राजधानी और दिल्ली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को सवालों के घेरे में ला खड़ा किया है।
कांग्रेस सांसद ने इस घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर कहा था कि वह स्तब्ध हैं। पत्र में उन्होंने कहा था कि अगर राष्ट्रीय राजधानी के इस हाई-सिक्योरिटी इलाके में ही कोई महिला सुरक्षित नहीं है, तो वह कहां सुरक्षित महसूस करेगी?
कांग्रेस सांसद ने मीडिया को बताया था कि घटना के बाद वह चीखती रहीं, लेकिन कोई उनकी मदद के लिए नहीं आया। सांसद ने यह भी कहा था कि घटना के वक्त 200 मीटर दूर एक पुलिस गश्ती वाहन खड़ा था, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद उन्होंने अपनी पार्टी के सांसद मणिकम टैगोर को फोन किया और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।