

मदुरै: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज तमिलनाडु के दौरे पर हैं। यहां शाह 2026 में होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मदुरै में भाजपा की राज्य कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करेंगे और राज्य, जिला और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात करेंगे।
तमिलनाडु में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सियासी हलचल तेज हो गई है। इसे देखते हुए अमित शाह तमिलनाडु दौरे पर पहुंचे हैं। शाह यहां राज्य कोर कमेटी की बैठक करने के साथ विधानसभा चुनाव को लेकर आगे की रणनीति भी तैयार करेंगे।
अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट करके तमिलनाडु दौरे को लेकर खुशी जताई है। शाह ने मदुरै पहुंचते ही एक्स पर कहा कि, “मैं कल मदुरै में तमिलनाडु भाजपा की राज्य कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करूंगा। शाम को मदुरै में भाजपा के राज्य, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों से बातचीत करूंगा। मैं तमिलनाडु के कार्यकर्ताओं से मिलने को लेकर उत्सुक हूं।”
अमित शाह के तमिलनाडु आगमन पर भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन, प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेन्द्रन समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा कि शाह के दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश देखने को मिल रहा है और यह 2026 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को मजबूत धार देगा।
भाजपा नेता ने आगे कहा कि अमित शाह के तमिलनाडु दौरे से डीएमके में हड़कंप मच गया है। उन्होंने कहा कि अब हड़कंप के कुशासन का अंत होना चाहिए। हम पूरी तरह से तैयार हैं। सुंदरराजन ने आगे कहा कि अमित शाह का मार्गदर्शन पार्टी को 2026 के विधानसभा चुनावों में मजबूती प्रदान करेगा, और सभी कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ जुटने को तैयार हैं।