ठंड के मौसम का सुपरफूड है 'गोंद का लड्डू', इस विधि से इन सामग्री से बनाएं स्पेशल लड्डू

Benefits of eating Gond Laddu:सर्दियों में गोंद के लड्डू खाना बड़ा फायदेमंद होता है इसलिए हमारी दादी-नानी सर्दी के मौसम में गोंद के लड्डू खाने की सलाह देती हैं। आइए जानिए गोंद के लड्डू खाने के फायदे
ठंड के मौसम का सुपरफूड है 'गोंद का लड्डू', इस विधि से इन सामग्री से बनाएं स्पेशल लड्डू
गोंद के लड्डू खाने के फायदे (सौ.सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Gond Laddu Benefits: सर्दी का मौसम आते ही शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा और गर्माहट की जरूरत होती है। ऐसे समय में खान-पान में कुछ खास चीजें शामिल करने से न केवल रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, बल्कि शरीर को ठंड से बचाव भी होता है।

इन्हीं में से एक है गोंद, जिसे पारंपरिक रूप से सेहत का खजाना माना जाता है। इसलिए हमारी नानी-दादी सर्दी आते ही गोंद के लड्डू बनाया करती थीं। दरअसल, गोंद के लड्डू सेहत के लिए काफी पौष्टिक होते हैं और इसका स्वाद भी लाजवाब होता है।

इसलिए सर्दियों में इसे खाना सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। ऐसे में आइए जानें गोंद के लड्डू खाने से सेहत को क्या-क्या फायदे मिलते हैं और इसकी रेसिपी।

गोंद के लड्डू खाने के जबरदस्त फायदे:

हड्डियों और जोड़ों के लिए फायदेमंद

आयुर्वेद एक्सपर्ट्स के अनुसार, गोंद के लड्डू खाने से हड्डियां मजबूत होती है। गोंद कैल्शियम से भरपूर होता है, जो हड्डियों की डेंसिटी को बढ़ाने और उन्हें मजबूत बनाने में सहायक है। यह जोड़ों के लुब्रिकेशन को बेहतर बनाने और सर्दियों में अक्सर होने वाले जोड़ों के दर्द और गठिया जैसी समस्याओं में आराम दिलाने में भी मदद करता है।

शरीर को गर्मी प्रदान करता है

सर्दियों के लिए गोंद के लड्डू एक पारंपरिक व्यंजन है। गोंद को एक प्राकृतिक गर्माहट देने वाला तत्व माना जाता है, जो शरीर के तापमान को बनाए रखने और सर्दी से होने वाली परेशानी को रोकने में मदद करता है। इसके अलावा, गोंद के लड्डू बनाने में इस्तेमाल होने वाला गाय का घी गर्म तासीर वाला माना जाता है, जिससे यह सर्दियों के व्यंजनों में एक ज़रूरी पारंपरिक सामग्री बन जाता है। आयुर्वेद घी को गर्म तासीर वाला भोजन मानता है। सीमित मात्रा में सेवन करने पर घी संपूर्ण स्वास्थ्य प्रदान करता है।

रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है

सर्दियों में मौसमी फ्लू से बचने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता को मज़बूत करना ज़रूरी है। ऐसे में गोंद के लड्डू रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले ज़रूरी पोषक तत्व प्रदान करते हैं। जैसा कि आप जानते है कि, गोंद अपने समृद्ध एंटीऑक्सीडेंट के कारण सर्दियों में लाभ पहुंचाता है, प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करता है और शरीर को मौसमी बीमारियों से लड़ने में मदद करता है।

त्वचा और बालों के लिए

गोंद के लड्डू त्वचा और बालों के लिए भी फायदेमंद होता है। इनमें मौजूद घी और मेवे हेल्दी फैट्स और विटामिन-ई देते हैं, जो सर्दियों में त्वचा को रूखेपन से बचाते हैं और बालों को स्वस्थ रखते हैं।

अब जानिए गोंद के लड्डू बनाने की रेसिपी:

गोंद के लड्डू बनाने के लिए जरूरी सामग्री

गोंद- 100 ग्राम गेहूं का आटा- 250 ग्राम देसी घी- लगभग 300 ग्राम बूरा या पिसी हुई चीनी- 250 ग्राम मेवे (बादाम, काजू)- 100 ग्राम नारियल का बुरादा- 50 ग्राम इलायची पाउडर- 1 छोटा चम्मच

गोंद के लड्डू बनाने की विधि

गोंद के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में लगभग 200 ग्राम घी गरम करें। अब गोंद को थोड़ा-थोड़ा करके घी में डालें।

जब गोंद फूल जाए और हल्का सुनहरा हो जाए, तो इसे निकालकर एक प्लेट में रखें। ठंडा होने पर इसे बेलन या कटोरी की मदद से दरदरा कूट लें।

अब उसी कड़ाही में बचा हुआ लगभग 100 ग्राम घी डालें। इसके बाद गेहूं का आटा डालकर धीमी आंच पर भूनना शुरू करें।

आटे को लगातार चलाते रहें, जब तक कि उसका रंग हल्का सुनहरा न हो जाए और उसमें से बढ़िया खुशबू न आने लगे।

अब भुने हुए आटे को एक बड़े परात या बर्तन में निकाल लें।

इसके बाद कड़ाही में कटे हुए बादाम और काजू को हल्का सुनहरा होने तक भून लें।

नारियल का बुरादा भी हल्का भून लें।

अब भुने हुए आटे, कूटे हुए गोंद, भुने हुए मेवों और इलायची पाउडर को अच्छी तरह से मिलाएं।

जब मिश्रण हल्का गरम हो, तब इसमें बूरा या पिसी हुई चीनी डालकर पूरी तरह से मिला लें।

ध्यान रखें कि अगर मिश्रण बहुत गरम होगा तो चीनी पिघल जाएगी।

तैयार मिश्रण में से थोड़ा-थोड़ा हिस्सा हाथों में लें और दबा-दबाकर गोल लड्डू बना लें।

अगर आपको मिश्रण सूखा लगे और लड्डू बंध न रहे हों, तो आप एक-दो चम्मच गरम घी और डालकर मिला सकते हैं।

स्वादिष्ट और सेहतमंद गोंद के लड्डू तैयार हैं! इन्हें पूरी तरह से ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में रखें।

Navbharat Live
navbharatlive.com