हरियाणा से करता था पाक के लिए जासूसी, हिस्सार एयरबेस की फोटो भी की शेयर, दबोचा गया

पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाला हरियाणा के एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पाकिस्तानी फैमिली को भारतीय सिम उपलब्ध कराता था। इसके साथ ही हिस्सार एयरबेस की फोटो भी भेजने का आरोप उसपर है।
पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में एक गिरफ्तार
पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में एक गिरफ्तार
Published on: 
Updated on: 

चंडीगढ़: भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम के बाद भी देश में सभी राज्यों की पुलिस अलर्ट मोड पर है और पाकिस्तान से संपर्क को लेकर किसी भी तरह की गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसी कड़ी में हरियाणा के नूंह जिले से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जिसपर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप है। संदिग्ध जासूस से पूछताछ की जा रही है।

नूंह जिले के कांगरका गांव निवासी मोहम्मद तारीफ को हरियाणा पुलिस ने पाकिस्तान जाने के बदले मोबाइल सिम कार्ड उपलब्ध कराने के मामले में गिरफ्तार किया है। तारीफ पर भारत की जासूसी करने के साथ हिसार एयरबेस की फोटो पाकिस्तान भेजने के भी आरोप लगे हैं। वह काफी समय से पाकिस्तान के कुछ लोगों के संपर्क में था।

तीन बार जा चुका है पाकिस्तान

मोहम्मद तारीफ से पुलिस ने कड़ी पूछताछ की तो बड़ा खुलासा हुआ। आरोपी तारीफ अब तक तीन बार पाकिस्तान जा चुका है। यह भी पता चला कि वह चौथी बार फिर से पाक जाने की तैयारी में था लेकिन इससे पहले कि वह सीमा पार जाता जांच एजेंसियों ने उसे शिकंजे में ले लिया। तारीफ का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। उसकी कॉल डीटेल्स भी निकाली जा रही है।

परिवार बोला- दबाव डालकर जबरन करवाया कबूल

मोहम्मद तारीफ पर पाकिस्तान जाने के बदले मोबाइल सिम कार्ड देने का भी आरोप लगाया गया है। जासूसी करने वाले आरोपी के परिवार वालों का कहना है कि जांच एजेंसियों ने तारीफ पर दबाव डालकर जबरन जासूस होने की बात कबूल करवाई है। तारीफ के बड़े भाई का कहना है कि उनके परिवार ने देश की सेवा की है। उनके दादा के भाई सीआरपीएफ में डीसीपी थे। हम देश से गद्दारी कैसे कर सकते हैं।

चार दिन पहले ले गए थे तारीफ को

मोहम्मद तारीफ के परिजनों का आरोप है उसे चार दिन पहले जांच टीम उठाकर ले गई थी। इसके बाद से उसका पता नहीं था। वहीं उसका जबरन वीडियो बनाकर उसे जासूस कबूल करवाया गया और कई सारे आरोप लगा दिए गए। तारीफ कभी पाकिस्तान के लिए कोई जासूसी नहीं करता था।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com