
पत्थरबाजी करते लोग।
Nuh Violence News: हरियाणा के नूंह जिले में महू चोपड़ा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद और पथराव मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर दो अलग-अलग मामले दर्ज कर 66 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। इनमें से दोनों पक्षों की ओर से 9 आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर ली है।
आठ जनवरी को क्रिकेट खेलते समय गेंद खेत में चली जाने को लेकर दो पक्षों में शुरू हुई तकरार तेजी से मारपीट और फिर बस स्टैंड के पास जमकर पथराव में बदल गई थी। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की।
पुलिस प्रवक्ता के कृष्ण कुमार के अनुसार मामले में दोनों तरफ से 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एक पक्ष की शिकायत पर 19 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ। दूसरे पक्ष की शिकायत के आधार पर 47 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। निरीक्षक सुभाष चंद्र प्रबंधक थाना सदर फिरोजपुर झिरका के नेतृत्व में गठित टीम ने दोनों पक्षों से कुल नौ आरोपितो को गिरफ्तार कर लिया है। एक पक्ष से साजिद, जनरल, नसीम और शाद सभी निवासी महू थाना सदर फिरोजपुर झिरका को गिरफ्तार किया गया।
दूसरे पक्ष से वसीम पुत्र जाकिर, अंसार पुत्र हसन मोहम्मद, रसीद पुत्र बुंदू, तौफीक पुत्र हसन मोहम्मद और खालिद पुत्र शहाबुद्दीन सभी निवासी गांव महू को गिरफ्तार किया गया है। घटना महू चोपड़ा बस स्टैंड के पास हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और इंटरनेट मीडिया पर ऐसी सामग्री शेयर न करें। उससे स्थिति और बिगड़ सकती है। मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: नूंह में चोरों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पथराव, नकाबपोशों ने अवैध हथियार से चलाईं गोलियां, मचा बवाल
गुरुवार को दोपहर दो बजे कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इन बच्चों के परिजनों की दुकानें महूं चौपड़ा पर हैं। क्रिकेट खेलते समय इन बच्चों की गेंद किसान के बरसिम के खेत में चली गई थी। इसको लेकर फकरु एवं खालिद के गुट के लोगों के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों गुटों के लोगों में एक घंटे तक जमकर पथराव हुआ। दोनों गुटों के लोगों में हो रहे पथराव के दौरान महूं चौक पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। दोनों गुटों के लोगों ने भी फोन कर अपने-अपने परिवार के लोगों को गांव महूं से बुलवा लिया था। पथराव में दोनों पक्षों के जमशेद, तौफीक, सहाबू , अबूजार, यासीन, जैद, शरीफ एवं आजाद निवासियान महूं, सदर थाना फिरोजपुर झिरका घायल हो गए थे। हालांकि, दोनों गुटों के बीच झगड़ा तब समाप्त हो गया था, जबकि सदर थाना से पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।






