नासिक में फडणवीस का हुंकार, विरोधियों पर तीखा हमला, 30 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों का वादा

Nashik Municipal Election: नासिक महानगरपालिका चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 30 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का वादा करते हुए ठाकरे बंधुओं और विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
Devendra Fadnavis
Nashik Municipal Election:नासिक महानगरपालिका चुनाव (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Devendra Fadnavis Nashik Rally: आगामी महानगरपालिका चुनाव के मद्देनज़र भाजपा प्रत्याशियों के प्रचार के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को गोदावरी तट स्थित देवमामलेदार यशवंत महाराज मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने नासिक को ‘गोद’ लेने के मुद्दे, तपोवन वृक्ष कटाई विवाद और ठाकरे भाइयों की हालिया सभाओं पर तीखा हमला बोला।

सभा में मंत्री पंकजा मुंडे, गिरीश महाजन, डॉ. भारती पवार, डॉ. राहुल आहेर, स्थानीय विधायक तथा भाजपा के सभी प्रत्याशी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि दो दिन पहले नासिक आए दो भाई प्रभु श्रीराम का नाम लेना भी भूल गए। कुछ लोग अब ईश्वर का भी मजाक उड़ाने लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि नासिक के विकास की वास्तविक क्षमता केवल भाजपा में ही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में जब तत्कालीन सत्ताधारी घर बैठे थे, तब ‘देवा भाऊ’ ही नासिक के कोविड केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाएं संभाल रहे थे।

विकास का खाका और कुंभमेला 2027

फडणवीस ने घोषणा की कि नासिक के अगले 25 वर्षों की जल योजना तैयार है। उन्होंने बताया कि शहर में 30 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। इनमें 4,000 एआई नियंत्रित सीसीटीवी कैमरे, 10 हजार करोड़ रुपये का रिंग रोड और नासिक-पुणे रेलवे मार्ग शामिल हैं। आगामी सिंहस्थ कुंभमेले के लिए 30 हजार करोड़ रुपये के फंड की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि 2,200 करोड़ रुपये की लागत से शहर की सड़कों को सीमेंट का बनाया जा रहा है, ताकि भविष्य में गड्ढों की समस्या समाप्त हो सके।

नासिक महानगरपालिका चुनाव प्रचार

वृक्ष कटाई और ठाकरे बंधुओं पर प्रहार

तपोवन वृक्ष कटाई विवाद पर सफाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े पेड़ों को नहीं, बल्कि केवल झाड़ियों को हटाया जा रहा है, ताकि साधुग्राम की व्यवस्था की जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि वामपंथी विचारधारा के लोग विकास कार्यों में बाधा डालने के लिए अफवाहें फैला रहे हैं। ठाकरे बंधुओं पर तंज कसते हुए फडणवीस ने कहा कि वे केवल लोगों की नकल उतारकर मनोरंजन करते हैं। जनता अब उनकी नौटंकी नहीं, बल्कि भाजपा के विकास मॉडल पर विश्वास कर रही है।

पंकजा मुंडे का संबोधन

भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने नासिक को महाराष्ट्र की ‘देवभूमि’ बताते हुए कहा कि नासिकवासियों को भरोसा है कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में ही शहर का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि 15 तारीख को सभी काम छोड़कर कमल के निशान पर मतदान करें और भाजपा का महापौर चुनें।

कुंभ के लिए 30 हजार करोड़ का फंड-गिरीश महाजन

भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरीश महाजन ने कहा कि इस बार नासिक की जनता भाजपा के 100 से अधिक पार्षदों को विजयी बनाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी सिंहस्थ कुंभमेले के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने 30 हजार करोड़ रुपये का फंड मंजूर किया है, जो पिछली बार के 6,000 करोड़ रुपये से कई गुना अधिक है।

‘ठाकरे बंधुओं’ को बताया केवल मनोरंजन का साधन

महाजन ने ठाकरे बंधुओं पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका काम केवल विरोध करना है। चुनाव आते ही वे ‘मुंबई खतरे में है’ का राग अलापते हैं, जबकि कोरोना काल में खिचड़ी तक में भ्रष्टाचार हुआ। उन्होंने नासिकवासियों से अपील की कि शहर के सर्वांगीण विकास के लिए महानगरपालिका में भी भाजपा की सत्ता स्थापित करें।

Navbharat Live
navbharatlive.com