राजीव खंडेलवाल ने बताई 'कहीं तो होगा' छोड़ने की वजह, एकता से झगड़े की थी अफवाह

‘कहीं तो होगा’ एकता कपूर के पॉपुलर शो में से एक रहा है। लेकिन अफवाहें थीं कि मुख्य अभिनेता राजीव खंडेलवाल ने एकता से झगड़े के बाद शो को छोड़ दिया है, ऐसे में अब सालों बाद उन्होंने खुद चुप्पी तोड़ी है।
ekta kapoor and rajeev khandelwal
राजीव खंडेलवाल, एकता कपूर (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Rajeev Khandelwal: 2000 के दशक में टीवी इंडस्ट्री ने कई आइकॉनिक शोज दिए, जिन्होंने न केवल टीआरपी के चार्ट्स पर राज किया बल्कि दर्शकों के दिलों पर भी गहरी छाप छोड़ी। ऐसे ही शोज में से एक था एकता कपूर का हिट सीरियल कहीं तो होगा, जिसने कशिश और सूजल के किरदारों को हर घर का नाम बना दिया। सिर्फ इतना ही नहीं इस शो ने राजीव खंडेलवाल को रातों-रात स्टार बना दिया।

लेकिन जब उन्होंने शो के पीक टाइम पर इसे अलविदा कहा, तो उन्हें लेकर तरह-तरह की अफवाहें उड़ने लगी। उनके अचानक शो छोड़ने पर किसी ने उन्हें घमंडी बताया, तो किसी ने एकता कपूर से झगड़ा होने की बात कह दी।

राजीव खंडेलवाल ने कहीं तो होगा छोड़ने की बताई असली वजह

लेकिन अब, सालों बाद राजीव खंडेलवाल ने खुद सामने आकर सारी बातों का खुलासा किया है। हाल ही में एक इंटरव्यू में अभिनेता ने साफ कहा कि उन्होंने शो किसी झगड़े की वजह से नहीं छोड़ा था, बल्कि वो कंटेंट की क्वालिटी को लेकर चिंतित थे।

राजीव ने बताया, “जब मैंने शो छोड़ा, तो लोगों ने कहा कि मैं बहुत बड़ा हो गया हूं। अफवाहें उड़ने लगीं कि मेरा एकता कपूर से झगड़ा हुआ है। लेकिन सच्चाई ये है कि मैंने पैसे और पॉपुलैरिटी दोनों को ठुकरा दिया, क्योंकि मैं क्वालिटी चाहता था।”

राजीव ने यह भी खुलासा किया कि जब उन्होंने शो छोड़ने का फैसला लिया तो उन्होंने एकता कपूर की मां शोभा कपूर से मुलाकात की थी। उस दौरान उन्हें ज्यादा पैसे ऑफर किए गए थे ताकि वे शो में बने रहें। लेकिन राजीव का जवाब था- “मेरी फीस कम कर दो, लेकिन मुझे अच्छा कंटेंट दो।”

'मैं क्वालिटी पर समझौता नहीं करना चाहता'

उन्होंने आगे कहा, “जब आप एक हिट शो को छोड़ते हैं, तो प्रोड्यूसर नाखुश होता है। मेरे और प्रोड्यूसर्स के बीच इसको लेकर कई बहसें हुईं। पर मेरा मकसद साफ था, मैं किसी भी कीमत पर क्वालिटी से समझौता नहीं करना चाहता था।”

इन सबके बीच राजीव के वर्कफ्रंट की बात करें, तो उन्होंने छोटे पर्दे पर 'कहीं तो होगा', 'रिपोर्ट्स', 'टाइम बम', 'लेफ्ट राइट लेफ्ट' जैसे सीरियल्स में अभिनय किया। लेकिन उनको असली पहचान 'कहीं तो होगा' के सुजल के रूप में हुई थी। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में फिल्म 'आमिर' से अपना डेब्यू भी किया था।