मनोज तिवारी निभाएंगे भगवान परशुराम का रोल, रामलीला में देंगे संस्कार और सच्चाई का संदेश

Ramlila 2025: भोजपुरी के सुपरस्टार और भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने हाल ही में खुलासा किया है कि वह लव कुश रामलीला समिति के मंच पर भगवान परशुराम की भूमिका निभाएंगे और यह कार्यक्रम 28 सितंबर को होगा।
मनोज तिवारी निभाएंगे भगवान परशुराम का रोल, रामलीला में देंगे संस्कार और सच्चाई का संदेश
मनोज तिवारी (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Manoj Tiwari Role Lord Parshuram In Ramlila: नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली से भाजपा सांसद और भोजपुरी के मशहूर एक्टर मनोज तिवारी इस बार रामलीला मंचन में भगवान परशुराम की भूमिका निभाने जा रहे हैं। उन्होंने यह जानकारी हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा की। मनोज तिवारी ने लव कुश रामलीला कमेटी के संचालकों के साथ अपनी मुलाकात में बताया कि 28 सितंबर के आस-पास दिल्लीवासियों को वो भगवान परशुराम के रूप में मंच पर देखने को मिलेंगे।

दरअसल, मनोज तिवारी ने इस अवसर पर देशभर की रामलीला कमेटियों से खास अपील की कि वे रामलीला की स्क्रिप्ट तैयार करते समय प्राचीन तथ्यों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने जोर देकर कहा कि रामलीला का मंचन इतिहास और संस्कृति की सच्चाई पर आधारित होना चाहिए। उनका कहना था, "राम केवल एक पात्र नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता और संस्कारों का प्रतीक हैं। हमें रामलीला में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत नहीं करना चाहिए।"

रामलीला में भाग लेंगे मनोज तिवारी

मनोज तिवारी ने बताया कि वो सातवें वर्ष लव कुश रामलीला समिति में भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने साझा किया कि उन्होंने अपने जीवन के शुरुआती वर्षों में माता सीता और कैकेयी की भूमिकाएं भी निभाई हैं। वो मानते हैं कि हर नागरिक को रामलीला में भाग लेना चाहिए, चाहे वह मंच पर भूमिका निभाए या दर्शक बने।

उन्होंने भगवान परशुराम की भूमिका निभाने को लेकर कहा, "परशुराम ने 21 बार पृथ्वी को क्षत्रियों से मुक्त किया था। इस भूमिका के माध्यम से मैं समाज में आपसी भेदभाव और झगड़े को समाप्त करने की सीख देना चाहता हूं। ब्राह्मण और क्षत्रिय आपस में टकराते रहते हैं, लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए।"

भारत-पाक एशिया कप 2025 पर भी एक्टर ने कही ये बात

मनोज तिवारी ने भारत-पाकिस्तान एशिया कप 2025 मुकाबले पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, "भारतीय टीम पाकिस्तान में मैच नहीं खेलने जा रही, ठीक वैसे ही जैसे वर्ल्ड कप के समय हुआ था। यह सही निर्णय है। हम सभी को भारतीय टीम का समर्थन करना चाहिए।" इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मनोज तिवारी ने रामलीला के प्रति अपने लगाव और भारतीय संस्कृति को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने सभी से रामलीला में भाग लेने और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने की अपील की।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com